आगरा के एत्माद्दौला थाना के एक सिपाही ने युवक को जेल भेजने की धमकी देकर 28 हजार रुपये वसूल कर लिए। इसमें गोपाल नाम के दलाल का हिस्सा नौ हजार दिया, जबकि सिपाही ने 19 हजार रखे।
युवक ने थाने से छूटने के बाद इसकी शिकायत एत्मादपुर विधायक राम प्रताप सिंह चौहान से की। विधायक ने इंस्पेक्टर को फोन किया तो सिपाही ने अपने हिस्से के 19 हजार तो लौटा दिए लेकिन दलाल ने एक रुपया भी वापस नहीं किया।
प्रकाश नगर निवासी पप्पू राठौर ने बताया कि उसे मंगलवार को पकड़ा गया था। गोपाल ने आकर कहा कि तेरे खिलाफ थाना पर शिकायत जा रही हैं।
bribe shimla
तुझे जेल भेजा जाएगा। इस वजह से वह डर गया। थोड़ी देर बाद सिपाही आया। उसे पकड़कर थाना ले गया। वहां उसे हवालात में डाल दिया गया।
उससे 50 हजार रुपये मांगे गए। वह 28 हजार का ही इंतजाम कर पाया। इस पर उसे छोड़ दिया गया। पप्पू का कहना है कि उसकी कोई गलती नहीं थी, इसलिए वह बुधवार सुबह विधायक के पास पहुंचा।
विधायक ने उससे कहा कि उसने बिल्कुल ठीक किया है, वह तो हर जगह यही बात कहते हैं कि किसी को रिश्वत न दो, अगर कोई जबरन वसूली करे, तो उन्हें बता दें। विधायक ने इंस्पेक्टर को फोन किया।
अधिकारियों के सज्ञान में है मामला
इसके बाद सिपाही भागा भागा विधायक आवास पहुंचा। वहां सॉरी बोला और 19 हजार रुपये लौटा दिए। यह भी बता दिया कि नौ हजार रुपया गोपाल के पास हैं।
उसने विधायक के सामने ही गोपाल को फोन किया। गोपाल ने कहा कि पैसा दे देगा, लेकिन उसने दिए नहीं। यह मामला एसएसपी, एसपी सिटी में से किसी को नहीं बताया गया।
थाना से इसकी सूचना नहीं दी गई। इंस्पेक्टर का कहना है कि विधायक का फोन आया था, उन्होंने सिपाही से बात करने के लिए कहा। जिस युवक की बात कही जा रही है, उसे पहले ही छोड़ा जा चुका था।