कोरोना से जंग जीतकर मेडिकल कॉलेज से निकलने के दौरान पुलिस अफसरों ने बढ़ाया कर्मियों का हौसला
- फोटो : अमर उजाला
सुहागनगरी में कोरोना संक्रमित मरीज अब तेजी से ठीक भी हो रहे हैं। सोमवार को चार पुलिसकर्मियों सहित छह लोग कोरोना से मुक्त हो गए। अब जनपद में कोरोना से ठीक होने वाले मरीजों की संख्या 91 हो गई है। कोरोना मुक्त पुलिसकर्मियों का मेडिकल कॉलेज पहुंचकर पुलिस अधिकारियों ने स्वागत और उत्साहवर्धन किया।
लॉकडाउन का उल्लंघन करने के मामले में हिरासत में लिया गया युवक संक्रमित मिला था। ऐसे में जांच कराने पर विगत 29 अप्रैल को थाना रामगढ़ क्षेत्र के 12 पुलिसकर्मी कोरोना संक्रमित मिले।
इनमें से चार पुलिसकर्मियों ने रविवार को कोरोना से जंग जीत ली। मेडिकल कॉलेज के आइसोलेशन वार्ड से पुलिसकर्मियों को डिस्चार्ज कर दिया गया। पुलिस अधीक्षक नगर प्रबल प्रताप सिंह सहित अन्य पुलिस अधिकारियों ने मेडिकल कॉलेज पहुंचकर कोरोना से जंग जीतने वाले चारों पुलिसकर्मियों का उत्साहवर्धन किया।