कासगंज। क्षेत्र के पालनगर फाटक पर बंद भट्टा पर चार दिन पूर्व पुलिस मुठभेड़ में भागे हुए आरोपी के खिलाफ अब गिरफ्तारी वारंट न्यायालय से लेगी। इसके संबंध में थाना प्रभारी को पुलिस अधीक्षक ने निर्देशित किया है।
रविवार को पाल नगर भट्टा पर कुछ लोगों के द्वारा लूट की योजना बनाए जाने की सूचना पुलिस को मिली। इस पर पुलिस एवं एसओजी टीम बताए गए स्थान पर पहुंच गई। पुलिस और आरोपियों के बीच हुई मुठभेड़ में तीन आरोपियों को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। जबकि एक आरोपी आशीष निवासी सूर्य नगर मौके से भाग गया। पूछताछ में उन्होंने 21 मार्च की सुबह नगला सहजन निवासी अर्जुन से बाइक व मोबाइल लूट की घटना करना स्वीकार किया। भागे हुए आरोपी की तलाश में पुलिस जगह जगह पुलिस दबिशें दे रही है। लोकेशन के आधार पर पुलिस ने सोमवार को दिल्ली में भी उसकी तलाश की, लेकिन उसका पता नहीं लगा। पुलिस अब आरोपी के खिलाफ न्यायालय से गिरफ्तारी वारंट लेगी।
कोतवाली प्रभारी वीपी गिरि ने बताया कि आरोपी की लगातार तलाश की जा रही है। आरोपी बार बार लोकेशन बदल रहा है। न्यायालय से गिरफ्तारी वारंट लिया जा रहा है। आरोपी गिरफ्तार नहीं हुआ तो उसके खिलाफ कुर्की की कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।