विहिप नेता अरुण माहौल को श्रद्धासुमन अर्पित करने के लिए शहीद स्मारक से निकाले जा रहे कैंडल मार्च को पुलिस ने रोक दिया। इस दौरान कुछ लोगों ने इसका विरोध भी किया लेकिन पुलिस अफसरों ने स्पष्ट मना कर दिया। इसके बाद लोग शहीद स्मारक पर ही श्रद्धांजलि अर्पित कर लौट गए।
आगरा विचार मंच द्वारा मंगलवार को शहीद स्मारक से अरुण माहौर की याद में कैंडल मार्च निकाला जाना था। शाम छह बजे तक काफी लोग मौके पर पहुंच गए थे। हाथों में मोमबत्ती लेकर जब लोगों ने मार्च निकालने की कोशिश की तो पहले से मौजूद पुलिसकर्मियों ने उन्हें रोक दिया। उन्हें स्मारक से बाहर नहीं निकलने दिया गया। इस पर लोगों ने विरोध किया लेकिन मामला संवेदनाओं से जुड़ा होने के कारण उन्होंने पुलिस से उलझना उचित नहीं समझा। इसके बाद वे श्रद्धांजलि अर्पित कर लौट गए। कार्यक्रम संयोजक अशोक कोटिया का कहना है कि हम कैंडल मार्च निकालकर अरुण की आत्मा के लिए प्रार्थना करना चाहते थे लेकिन पुलिस ने मार्च नहीं निकालने दिया। इस दौरान राधा किशन गुप्ता, प्रमोद गुप्ता, विजय शिवहरे, कैलाश माहौर, मनोज राजौरा, प्रेमा वर्मा, ओम प्रकाश चलनी वाले, प्रमेंद्र जैन, बॉबी वर्मा आदि मौजूद रहे।