विहिप नेता की श्रद्धांजलि सभा में कथित भड़काऊ भाषण के कारण विपक्ष का हमला झेल रहे केंद्रीय मानव संसाधन विकास राज्यमंत्री प्रो. रामशंकर कठेरिया ने दावा किया है कि उन्होंने किसी समुदाय को निशाना नहीं बनाया। उनका कहना है कि मैंने ऐसा कुछ नहीं कहा जिससे किसी की भावना को ठेस लगे। उनके भाषण को गलत ढंग से प्रस्तुत किया गया है।
विश्व हिंदू परिषद के आगरा महानगर उपाध्यक्ष अरुण माहौर की रविवार को शोकसभा में केंद्रीय राज्यमंत्री प्रो. कठेरिया और फतेहपुर सीकरी से भाजपा सांसद चौधरी बाबूलाल पहुंचे थे। वहां कठेरिया ने कहा था कि हिंदू समुदाय के खिलाफ जिस तरह की साजिश रची जा रही है, उससे हमें सतर्क रहने और खुद को मजबूत करने की जरूरत है। हमें इससे लड़ना होगा क्योंकि यदि हम अभी ऐसा नहीं करते तो आज हमने एक अरुण को खोया है, कल दूसरा अरुण खोएंगे। कठेरिया ने कहा, ‘एक अखबार में जो कुछ भी छपा है वह गलत है। मैं उस अखबार को नोटिस भेजूंगा।’
वहीं सांसद चौधरी बाबूलाल ने कहा कि उन्होंने आपराधिक प्रवृति वालों को चुनौती दी थी, समुदाय विशेष को नहीं। उन्होंने कहा कि यदि यही घटनाक्रम किसी समुदाय विशेष के साथ हुआ होता तो सपा, बसपा और कांग्रेस चुप नहीं बैठती। इन्हीं पार्टियों के नेता एक दलित की हत्या पर चुप्पी साधे बैठे हैं।