कासगंज। बुधवार को कोरोना कर्फ्यू का पालन कराने के लिए जिले के सभी थानों की पुलिस और अधिकारी चेकिंग अभियान पर निकले। पुलिस टीमों ने अलग-अलग थाना क्षेत्रों में चालान की कार्रवाई करते हुए जुर्माना वसूला।
सीओ आरके तिवारी के नेतृत्व में थाना सोरों, कासगंज एवं ढोलना क्षेत्र में चेकिंग अभियान चलाया गया, जिसमें 132 चालान काटकर 33 हजार रुपये का जुर्माना वसूला। बिना हेलमेट और कागजों के गाड़ी चला रहे लोगों के ई चालान काटे गए। सोरों में चेकिंग की कार्रवाई इंस्पेक्टर अनिल कुमार ने की, जबकि ढोलना में थाना प्रभारी विनोद कुमार मिश्रा, थाना गंजडुंडवारा में कोतवाली प्रभारी रिपुदमन सिंह ने चेकिंग अभियान चलाया। इस दौरान 75 चालान काटकर 22 हजार रुपये वसूले गए। पटियाली क्षेत्र में कोतवाली निरीक्षक वीपी सिंह ने 40 चालान काटे और 13 हजार रुपये का जुर्माना वसूला। सहावर कोतवाली में प्रभारी राजेश कुमार मीणा ने 30 चालान काटे और 12 हजार रुपये का जुर्माना वसूला। वहीं सिकंदरपुर वैश्य कोतवाली निरीक्षक राजकुमार सिंह ने 40 चालान काटे। 9 हजार रुपये का जुर्माना वसूला। सिढ़पुरा थाना प्रभारी प्रेमपाल सिंह ने 40 चालान काटकर 24 हजार का जुर्माना वसूला। वहीं सुन्नगढ़ी थाना प्रभारी धर्मेंद्र सिंह ने 18 चालान काटे और 4800 रुपये का जुर्माना वसूला।