आगरा के जगदीशपुरा क्षेत्र में एक मैरिज होम से चोर दुल्हन के पिता का बैग लेकर भाग गया। लोगों ने पीछा कर एक नाबालिग को पकड़ा। बाद में पुलिस ने बैग बरामद किया। आरोप है कि पुलिस ने बरामदगी में 14,402 रुपये दिखाए जबकि बैग में जेवरात के साथ लाखों रुपये थे। पीड़ित ने पुलिस आयुक्त से शिकायत की है।
लोहामंडी थाना क्षेत्र के गोकुलपुरा निवासी हेमेंद्र दत्त ने पुलिस आयुक्त जे.रविन्दर गौड से शिकायत की है। बताया कि सिकंदरा बोदला रोड स्थित एक मैरिज होम में 18 फरवरी को उनकी पुत्री रिचा की शादी थी। बेटी के कन्यादान में आए 171 लिफाफे और 75 हजार नकदी उनके बैग में रखी थी।
रात में फेरे होने से पहले बैग उनके पास रखा था। इस दौरान एक युवक बैग लेकर भाग गया। उन्होंने शोर मचाया। लोगों ने पीछा कर एक नाबालिग को पकड़ा और पुलिस के हवाले कर दिया। पुलिस ने बैग बरामद किया। आरोप है कि पुलिस ने बरामदगी कम दिखाई है। पुलिस आयुक्त ने एसीपी लोहामंडी को जांच के निर्देश दिए हैं।
जगदीशपुरा थाना प्रभारी ने बताया कि आरोपी के कब्जे से बैग और खाली लिफाफे बरामद हुए थे। तलाशी लेने पर जूतों से 14,402 रुपये बरामद हुए। पूछताछ में आरोपी ने बताया कि उसने बाकी के रुपये कोट की जेब में रख लिए थे। कोई पहचान नहीं सके इसके लिए कोट उतारकर ऑटो में रख दिया। पुलिस और लोगों ने जब उसे पकड़ा तो चालक ऑटो लेकर भाग गया। पुलिस सीसीटीवी कैमरों की मदद ले रही है।