कासगंज। सिकंदरपुर वैश्य थाना क्षेत्र के कादरगंज पुख्ता गांव में 16 वर्षीय साहिल की पीट-पीटकर हत्या के मामले में पुलिस ने तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। इस घटना में साहिल की बेरहमी से पिटाई की गई थी, जिसके बाद आगरा में उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई थी। पुलिस एक वांछित आरोपी की तलाश में जुटी है।
जानकारी के अनुसार, 1 जून को गांव के हुसैन, जान मोहम्मद, मुस्लिम और सोएब अख्तर ने साहिल (16) पुत्र पप्पू को श्मशान घाट पर बुलाया था। वहां आरोपियों ने साहिल की बेरहमी से पिटाई की, जिससे उसे गंभीर चोटें आईं। 6 जून को आगरा में इलाज के दौरान साहिल ने दम तोड़ दिया। साहिल की मौत के बाद परिजनों ने शव गांव लाकर पुलिस को सूचना दी, जिसके बाद पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराया।
साहिल की मौत के उपरांत पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपियों की गिरफ्तारी के प्रयास तेज कर दिए। पटियाली सीओ संतोष कुमार ने बताया कि पुलिस ने तरसी तिराहा से आरोपी मुस्लिम, जान मोहम्मद और हैदर को गिरफ्तार कर लिया है। वहीं, घटना का एक अन्य आरोपी सोएब अख्तर अभी भी फरार है, जिसकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस लगातार दबिश दे रही है।