आगरा के थाना रकाबगंज क्षेत्र में काॅलेज से छुट्टी के बाद बीए की छात्रा अपना जन्मदिन मनाने दोस्त और उसकी भाभी के साथ कार में बैठकर चली गई। तेज गति से कार को जाता देख वहां मौजूद अन्य छात्राओं को अपहरण का शक हो गया। सूचना पर स्कूल के गार्ड ने प्रिंसिपल को जानकारी दी। मामला पुलिस तक पहुचने पर हड़कंप मच गया। पूरे सर्किल की पुलिस कार की जानकारी करने लगी। बाद में सही जानकारी मिलने पर अधिकारियों ने राहत की सांस ली।
बिजलीघर स्थित बैकुंठी देवी में बीए तृतीय वर्ष की छात्रा दोपहर एक बजे छुट्टी के बाद घर जाने के लिए ऑटो के इंतजार में कॉलेज के बाहर खड़ी थी। इसी दौरान दो युवक और एक महिला सफेद रंग की कार से आए और छात्रा के बगल में कार रोक कर पिछला गेट खोल दिया। छात्रा के कार में बैठते ही कार तेज गति से चली गई। कॉलेज से निकल रही अन्य छात्राओं को लगा कि छात्रा को कोई जबरन कार में बिठाकर ले गया है। उन्होंने शोर मचा दिया।
कॉलेज के गार्ड ने कार का नंबर नोट किया और प्रिंसिपल को अपहरण की सूचना दे दी। प्रिंसिपल ने 112 पर कॉल कर पुलिस को सूचना दे दी। दिनदहाड़े कॉलेज के गेट से छात्रा के अपहरण की सूचना पर थाना पुलिस के हाेश उड़ गए। आनन फानन में पुलिस अधिकारियों ने पूरे सर्किल के फोर्स को अलर्ट कर दिया। कार के नंबर के आधार पर तलाश की जाने लगी।