अगर आप बगैर सोचे-समझे सोशल मीडिया पर अनाप-शनाप कुछ भी लिखते रहते हैं या फिर दूसरों के पोस्ट फॉरवर्ड करते हैं तो सावधान हो जाएं। आगरा पुलिस ने एडवाइजरी जारी की है। इसमें कहा गया है कि भड़काऊ पोस्ट डालने वालों पर केस दर्ज किया जाएगा।
एडवाइजरी में कहा गया है कि सोशल मीडिया पर नियम विरुद्ध भड़काऊ पोस्ट और संदेश न डालें। साफ चेतावनी दी है कि जो भी व्यक्ति धार्मिक, जातीय अथवा समाज में विद्वेष फैलाने वाले पोस्ट डालेगा, शेयर या लाइक करेगा, उसके खिलाफ आईपीसी की धाराओं में कार्रवाई की जाएगी।
पुलिस की साइबर, मीडिया सेल व्हाट्स एप, फेसबुक, ट्विटर पर नजर लगाए है। ग्रुप एडमिन ऐसी किसी पोस्ट केलिए व्यक्तिगत रूप से जिम्मेदार होंगे। सबसे पहले उन पर ही कार्रवाई की जाएगी।
शहर में चल रहे कम से कम पांच व्हाट्स एप ग्रुप पर पिछले एक महीने से भड़काऊ पोस्ट डाले जा रहे हैं । पिछले साल पुलिस ने लोहामंडी में भड़काऊ पोस्ट डालने पर युवक को गिरफ्तार किया था। इसके बावजूद कुछ लोग बाज नहीं आ रहे हैं।