आगरा। इंस्टाग्राम पर बच्चों से संबंधित अश्लील पोस्ट करने की सूचना साइबर थाना पुलिस को मिली। जांच में इंस्टाग्राम आईडी फतेहाबाद के रामगढ़ गांव के सचिन कुशवाह की निकली। इस पर साइबर थाना पुलिस ने आरोपी के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की है।
अमेरिका में संस्था नेशनल क्लीनिक फॉर मिसिंग एंड एस्केप्ड चिल्ड्रन(एनसीएमईसी) बच्चों के शोषण और अन्य मामलों पर नजर रखकर एनसीआरबी को रिपोर्ट भेजता है। लखनऊ कंट्रोल रूम को जानकारी मिलने के बाद साइबर थाना पुलिस ने इंस्टाग्राम पर सचिन कुशवाह जी80 नाम की आईडी से बच्चों से संबंधित अश्लील सामग्री पोस्ट करने करने की जांच की। दरोगा निशांत ढाका की जांच फतेहाबाद के रामगढ़ गांव निवासी सचिन कुशवाह सामने आया। उसके मोबाइल से आईडी संचालित होने की पुष्टि होने के बाद साइबर थाना में प्राथमिकी दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी गई है। एडीसीपी सिटी आदित्य कुमार ने बताया कि मामले में विधिक कार्रवाई की जा रही है।
कोई भी कर सकता है शिकायत
पुलिस के अनुसार साइबर क्राइम डाॅट जीओवी डॉट इन पर जाकर महिला और बाल यौन अपराध की रिपोर्ट की जा सकती है। इस आप्शन पर जाकर संबंधित मामले के स्क्रीन शाॅट और अन्य साक्ष्य पोस्ट कर शिकायत कर सकते हैं। इसमें शिकायतकर्ता अपना नाम सार्वजनिक नहीं करने का विकल्प भी चुन सकता है।