आगरा। उत्तर प्रदेश पुलिस भर्ती एवं प्रोन्नति बोर्ड की ओर से उप निरीक्षक (एसआई) एवं समकक्ष पदों पर सीधी भर्ती-2025 के लिए परीक्षा शनिवार और रविवार को 28 केंद्रों पर आयोजित होगी। परीक्षा के लिए सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए हैं। तीन स्तर पर सुरक्षा एजेंसियों को लगाया गया है। वहीं हर केंद्र पर पुलिसकर्मियों की तैनाती की गई है। परीक्षा को सकुशल संपन्न कराने के लिए 800 कर्मचारियों की ड्यूटी लगाई गई है। साॅल्वरों को पकड़ने के लिए एसओजी को लगाया गया है। कंट्रोल रूम और ड्रोन कैमरों से नजर रखी जाएगी।
डीसीपी सिटी सय्यद अली अब्बास ने बताया कि नगर के 28 परीक्षा केंद्रों पर दो पालियों में परीक्षा होगी। प्रथम पाली प्रातः 10 से दोपहर 12 बजे तक और द्वितीय पाली दोपहर 3 से शाम 5 तक होगी। परीक्षा की शुचिता बनाए रखने के लिए अधिकारियों की टीम तैनात की है। 28 सेक्टर मजिस्ट्रेट, 28 स्टेटिक मजिस्ट्रेट और रिजर्व में रखे गए 35 अतिरिक्त मजिस्ट्रेटों को तैनात किया गया है।
केंद्र में परीक्षार्थियों को चेकिंग के बाद ही प्रवेश दिया जाएगा। 400 से अधिक परीक्षार्थियों वाले केंद्र पर एक इंस्पेक्टर प्रभारी बनाए गए हैं। इससे कम परीक्षार्थियों की संख्या वाले सात केंद्र पर सब-इंस्पेक्टर को प्रभारी बनाया गया है। हर परीक्षार्थी का बायोमेट्रिक सत्यापन किया जाएगा। प्रत्येक पाली में 11760 परीक्षार्थी रहेंगे। परीक्षा के लिए प्रश्न पत्र लाने, स्टेशनरी उपलब्ध कराने और सत्यापन के लिए अलग-अलग एजेंसियों को लगाया गया है। पुलिस लाइन में केंद्रीय कंट्रोल रूम भी बनाया गया है। यहां से केंद्रों की निगरानी की जाएगी।
पकड़े जा चुके हैं सॉल्वर
आगरा में कई बार सॉल्वर पकड़े जा चुके हैं। बायोमेट्रिक सत्यापन से लेकर प्रवेश पत्र पर गलत फोटो का प्रयोग कर परीक्षा में आए आरोपियों को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। इस बारपरीक्षा में सॉल्वर पकड़ने के लिए एसओजी टीम को लगाया गया है, जो केंद्रों के आसपास नजर रखेगी। कहीं भी कोई संदिग्ध नजर आएगा तो उसके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। सर्विलांस की भी मदद ली जा रही है।