आगरा के कमला नगर से टाटा टियागो कार चोरी के मामले में सोमवार को पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। एक आरोपी कार मालिक का दोस्त है। उसने अपने दोस्त के कहने पर कार चोरी की थी।
कमला नगर स्थित तेज नगर निवासी प्रमोद भर्तिया ने मुकदमा दर्ज कराया था। इसमें कहा था कि उनके भाई की टाटा टियागो गाड़ी छह अप्रैल की रात को घर के बाहर से चोरी हो गई। सोमवार को दो आरोपियों को गिरफ्तार किया। इनमें फिरोजाबाद के गांव मदावली निवासी सूरज पौनिया और अलीगढ़ के गांव नगला खुर्द जट्टारी निवासी सौरभ चौधरी हैं। उनसे टियागो गाड़ी बरामद की गई।
एसपी सिटी विकास कुमार के मुताबिक, आरोपी सूरज ने बताया कि प्रमोद के भाई मनोज से उसकी दोस्ती है। मनोज की गाड़ी से वो घूमने भी जाता था। वहीं सौरभ भी उसका दोस्त है। सौरभ ने उससे एक दिन कहा कि उसके फुफेरे भाई नितिन को चोरी की गाड़ी की जरूरत है। इस पर तीनों ने मनोज की गाड़ी चुराने की योजना बनाई। चार अप्रैल को सौरभ और सूरज उससे मिलने गए। इस दौरान उसकी गाड़ी की चाबी चोरी कर ली।
बाद में बिजली घर स्थित एक होटल में किराये पर कमरा लेकर ठहर गए। दूसरे दिन फिर मनोज से मिले। शक न हो उसके लिए अपने दोस्त जॉली को बुलाया। उससे कहा कि दोनों नोएडा काम करने जा रहे हैं। उन्हें बाइक से वाटर वर्क्स चौराहे पर छोड़ दे। छह अप्रैल की रात तकरीबन डेढ़ बजे आकर कार चोरी करके ले गए। पहले नोएडा गए, फिर गाजियाबाद चले गए। वहां से बुलंदशहर चले गए।