पुलिस ने कैंटर चालक को किया गिरफ्तार
- फोटो : अमर उजाला
फिरोजाबाद जिले में लखनऊ-आगरा एक्सप्रेसवे पर नसीरपुर कट के समीप पुलिस ने एक कैंटर को रुकवा कर चेक किया, तो हैरान रह गई। गाड़ी में सब्जियों के नीचे अवैध शराब का जखीरा रखा था। कैंटर में लगभग 11 लाख रुपये की शराब बरामद हुई। पुलिस ने आरोपी चालक को गिरफ्तार किया है।
सीओ संजय रेडड्डी ने बताया कि जिले में पुलिस ने अवैध शराब की तस्करी करने वालों के खिलाफ अभियान चला रखा है। सोमवार सुबह को सूचना मिली कि एक्सप्रेसवे पर आगरा की तरफ से एक कैंटर संख्या यूपी 80 एएन 9892 आ रहा है, जिसमें अवैध शराब भरी हुई है।
इंस्पेक्टर नसीरपुर मुनीश चंद्र मय फोर्स के एक्सप्रेसवे पर पहुंच गये और वाहन चेकिंग शुरू कर दी। इसी दौरान उक्त कैंटर आता देख पुलिस ने उसे घेराबंदी कर रोक लिया। पुलिस कर्मियों ने कैंटर के ऊपर रखी शिमला मिर्च और गोभी की बोरियों को हटाया तो उसके नीचे का नजारा देख हैरान रह गई।
कैंटर में सब्जियों के नीचे छिपाकर भारी मात्रा में शराब लाई जा रही थी। पुलिस ने कैंटर से अवैध शराब की 350 पेटी बरामद की हैं, जिसकी कीमत लगभग 11 लाख रुपये बताई है। अरुणाचल प्रदेश से तस्करी कर लाई गई यह शराब बनारस ले जाई जा रही थी।
सीओ संजय रेड्डी ने बताया कि कैंटर चालक को गिरफ्तार किया है। जबकि उसका साथी फरार हो गया। दोनों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर कार्रवाई की जा रही है। फरार अभियुक्त शिब्बू सुनार पुत्र रोहताश निवासी मोहल्ला व्यापारियान, थाना राया जिला मथुरा है।