कुरावली में पकड़ा गया गांजा तस्कर।
- फोटो : गांव डांडा में चल रही श्रीमद भागवत कथा में बालकृष्ण को डलिया में ले जाते बासुदेव।
मैनपुरी। थाना कुरावली पुलिस ने रविवार की सुबह एक सूचना पर नानामऊ कट के पास एक ट्रक से साढे तीन क्विंटल गांजा बरामद किया। भाग रहे एक तस्कर को भी गिरफ्तार कर लिया। अपर पुलिस अधीक्षक ग्रामीण अनिल सिंह ने बताया कि तस्कर ने अपने साथियों के बारे में भी जानकारी दी।
अपर पुलिस अधीक्षक ने बताया कि प्रभारी निरीक्षक थाना कुरावली धर्मेंद्र चौहान को रविवार की सुबह सूचना मिली कि एक ट्रक भोगांव से कुरावली की तरफ आ रहा है। उसमें मादक पदार्थ तस्करी कर ले जाया जा रहा है। इस सूचना पर सक्रिय हुई थाना पुलिस ने नानामऊ कट के पास बैरियर लगाकर चेकिंग शुरू कर दी। पुलिस ने ट्रक को रोका, इस बीच कुछ लोग ट्रक से उतर कर भाग गए। एक आरोपी को पुलिस ने पकड़ लिया और पूछताछ की।
तलाशी के दौरान गाड़ी से करीब 3.50 क्विंटल गांजा बरामद हुआ। पकड़े गए तस्कर ने अपना नाम अमरीक सिंह निवासी ओठिया जनपद अमृतसर पंजाब बताया। कड़ाई से पूछताछ में उसने बताया कि यह माल वह उड़ीसा से लेकर आया था और पानीपत लेकर जा रहा था। वहां इस माल को फुटकर में बिक्री कर धन अर्जित करता है। इस से पहले भी वह इसी तरह से ट्रक में छिपाकर गांजा तस्करी कर ले जा चुका है लेकिन इस बार पकड़ा गया। संवाद