उत्तर प्रदेश और उत्तराखंड में जहलीली शराब पीने से 80 से अधिक लोगों की मौत के बाद एटा जिले में आबकारी विभाग व पुलिस महकमा में आ गया है। शासन के निर्देश पर आबकारी और पुलिस टीम ने रविवार को कच्ची शराब बनाने वाली फैक्टरी पर छापा मारा।
इस दौरान आबकारी टीम ने फैक्ट्री से 50 लीटर कच्ची शराब बरामद की है, वहीं अवैध शराब फैक्टरी के संचालक को गिरफ्तार किया गया है। जबकि तीन शराब माफिया फरार हो गए। वहीं मौके से करीब 1000 लीटर लहन तथा शराब बनाने के उपकरण बरामद भी मिले हैं।
समाचार एजेंसी एनएनआई के मुताबिक पुलिस और आबकारी टीम ने नगला मडिय़ा गांव के पास अवैध शराब बनाने वाली फैक्ट्री पर छापा मारा। इससे पहले शनिवार को जैथरा थाना क्षेत्र के कंजड़ कालोनी, नगला रामराय सहित कई गांव में कार्रवाई की गई।
एटा जिले में कच्ची शराब बनाने का अवैध कारोबार काफी फल फूल रहा है। पुलिस और आबकारी विभाग लगातार इस कारोबार पर अंकुश लगाने के लिए कार्रवाई कर रहा है, लेकिन देहात क्षेत्रों में कच्ची शराब की भट्ठियों में आग आज भी सुलग रही है।