यातायात माह एक नवंबर से शुरू होने जा रहा है। पुलिस इसमें चालान काटने के अलावा जागरूकता अभियान भी चलाएगी। इस बार निशाने पर खुद पुलिसकर्मी भी होंगे। बिना हेलमेट, नंबर प्लेट और सीट बेल्ट नहीं लगाने पर चालान काटे जाएंगे। वाहनों को सीज करने तक कार्रवाई होगी।
अपर पुलिस आयुक्त सचिंद्र पटेल ने बताया कि पुलिस लाइन में यातायात नियमों के उल्लंघन पर पुलिसकर्मियों के वाहनों के चालान काटे जाते हैं। पिछले दो महीने में 500 पर कार्रवाई की जा चुकी है। अब यातायात माह में भी पुलिसकर्मियों पर सख्ती की जाएगी।
सड़कों पर भी जगह-जगह चेकिंग की जाएगी। इसके साथ ही एमजी रोड और फतेहाबाद रोड पर विद्यार्थियों के सहयोग से जागरूकता कार्यक्रम होंगे। लोगों को यातायात नियमों का पाठ पढ़ाया जाएगा। इसके साथ ही उल्लंघन करने वालों के खिलाफ चालान की कार्रवाई की जाएगी।
5-ई पर जागरूकता कार्यक्रम करेगी पुलिस
अपर पुलिस आयुक्त ने बताया कि यातायात माह में सड़क सुरक्षा के 5ई कार्यक्रम किए जाएंगे। इसमें एजुकेशन, एनफोर्समेंट, इंजीनियरिंग, इमरजेंसी केयर और एंवायरनमेंट हैं। पुलिसकर्मी विभिन्न शैक्षणिक संस्थानों, सार्वजनिक स्थलों एवं प्रमुख चौराहों पर जाएंगे। लोगों को सड़क सुरक्षा के प्रति जागरूक करेंगे। सड़क दुर्घटनाओं में होने वाली मृत्यु दर में कमी 50 फीसदी की कमी लाने के लिए प्रयास होंगे। इसके साथ ही त्योहारों पर बाजारों, प्रमुख चौराहों एवं भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों में सुगम यातायात व्यवस्था बनाने के लिए प्रभावी ट्रैफिक डायवर्जन प्लान तैयार किया जाएगा। नो-पार्किंग जोन का कड़ाई से पालन कराएंगे।