एमजी रोड के सुभाष तिराहे पर बैरियर लगाने के बाद फोटो खींचता पुलिसकर्मी
- फोटो : अमर उजाला
अमर उजाला टीम ने गुरुवार को चेकिंग का जायजा लिया था, तब बैरियर खाली मिले थे। शुक्रवार की रात नौ से 11 बजे भी कुछ यही हाल मिला। बैरियर पर चेकिंग नहीं थी। हालांकि पुराने शहर में एसएसपी बबलू कुमार फोर्स के साथ गश्त कर रहे थे।
सुभाष पार्क तिराहा : पुलिसवाले आए, पांच मिनट में चले गए
रात 10 बजे सुभाष पार्क तिराहे पर रात दस बजे नाई की मंडी थाने से एक दरोगा और दो सिपाही आए। उन्होंने रोड पर बैरियर लगाया। पूरी मुस्तैदी के साथ खड़े हुए। इसके बाद उन्होंने ड्यूटी देते हुए मोबाइल से फोटो लिया। पांच मिनट बाद ही चले गए।
वाटरवर्क्स चौराहा : आपस में बाते कर रहे पुलिसवाले
रात 10:10 बजे दो पुलिसवाले बैरियर पर मौजूद थे लेकिन ये चेकिंग नहीं कर रहे थे। न ही आते जाते लोगों पर नजर रख रहे थे। दोनों आपस में बातें कर रहे थे। इसी चौराहे के पुलिसवाले गुरुवार को खोखे में बात करते मिले थे।
जीवनी मंडी : चौकी के सामने का बैरियर भी खाली
रात 10 बजे सुभाष तिराहा पर बैरियर लगाकर पुलिसकर्मी चले गए
- फोटो : अमर उजाला
रात 10:30 बजे जीवनी मंडी चौराहे पर बैरियर लगा हुआ है। इसके सामने ही पुलिस चौकी भी है। पुलिसकर्मी बैरियर पर एक भी नजर नहीं आया, जबकि इस चौराहे से लोगों का आवागमन होता है। पुलिसकर्मी चौकी के अंदर बातों में मशगूल थे।
श्रीराम चौक : बैरियर से 50 मीटर दूर कुर्सी पर बैठे पुलिसकर्मी
रात 10:50 बजे कमला नगर में श्रीराम चौक पर पुलिस ने बैरियर लगा रखा है। रात में यहां एक भी पुलिसकर्मी मौजूद नहीं था। 50 मीटर की दूरी पर दो कुर्सी लगी थी। इन पर सिपाही बैठे हुए थे। वह किसी तरह की नजर भी नहीं रख रहे थे, जिससे लोग बिना रोकटोक के निकल रहे थे।
सीओ से चेकिंग की जांच कराएंगे
एसएसपी बबलू कुमार ने बताया कि चेकिंग के बारे में पुलिसकर्मियों को ब्रीफ किया जाएगा। सीओ को चेकिंग का हाल जानने के निर्देश जाएंगे। इसमें किसी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।