इलाबांस। थाना एलाऊ पुलिस ने चेकिंग के दौरान वांछित चल रहे 25 हजार के इनामी को गिरफ्तार कर लिया। उसके कब्जे से प्रतिबंधित मीट, चोरी की बाइक, तमंचा व कारतूस मिले। आरोपी पर लूट, चोरी के कई मामले दर्ज हैं। बुधवार को पुलिस ने उसे जेल भेजा।
थाना एलाऊ क्षेत्र की चौकी इलाबांस के इंचार्ज सतेंद्र कुमार मंगलवार की देर शाम क्षेत्र में चेकिंग कर रहे थे। तभी उन्हें सूचना मिली कि गांव बिरतिया की ओर से एक बाइक से आ रहा शख्स शातिर अपराधी है। पुलिस ने जब बाइक सवार को रुकने का इशारा किया तो वह भागने लगा। पीछा करने के दौरान कुछ दूरी पर बाइक फिसल गई।
जिसके बाद चौकी इंचार्ज ने उसे पकड़ लिया। तलाशी के दौरान उसके पास से एक तमंचा व तीन कारतूस बरामद हुए। वहीं उसके पास करीब 39 किलो प्रतिबंधित मीट भी मिला। थाने में पूछताछ करने पर पहले तो वह पुलिस को गुमराह करता रहा। लेकिन जब पुलिस ने सख्ती से पूछताछ की तो उसने अपना नाम संजय उर्फ भोली उर्फ आरिफ पुत्र भूरा बंजारा निवासी मोहल्ला प्रेमचिरैया थाना भोगांव बताया।
चौकी इंचार्ज ने बताया कि उसके कब्जे से बरामद बाइक भी चोरी की है। भोगांव थाने में उस पर लूट व चोरी के कई मामले दर्ज हैं। संजय की गिरफ्तारी पर एसपी ने 25 हजार का इनाम भी घोषित किया था। बुधवार को पुलिस ने मामला दर्ज करने के बाद आरोपी को जेल भेजा।