आगरा में कोविड नियमों का उल्लंघन करने पर पुलिस ने 78 हजार से अधिक लोगों के चालान किए हैं। पुलिस के जारी आंकड़ों के अनुसार सबसे कम चलान वहां हुए हैं जहां भीड़ अधिक रहती है जबकि कम भीड़भाड़ वाले इलाकों में चालान अधिक हुए हैं।
पिछले पांच महीने में पुलिस कार्रवाई की बात करें तो थाना सिकंदरा क्षेत्र में 3682, हरीपर्वत में 3495 और एत्माद्दौला क्षेत्र में 3245 बिना मास्क के चालान काटे गए। इन थाना क्षेत्रों में बाजार भी कम हैं। भीड़ भी कम ही रहती है। इसके बावजूद चालान की संख्या अधिक रही।
शाहगंज में सर्वाधिक 2788, जगदीशपुरा में 1933, लोहामंडी में 1874, कोतवाली में 1773 और नाई की मंडी में 1499 लोगों के बिना मास्क के निकलने पर चालान किए गए, जबकि इन थाना क्षेत्रों में पुराने बाजार भी हैं। एक जनवरी से लेकर 31 मई तक पुलिस बिना मास्क के 78310 लोगों के चालान काट चुकी है।
शमन शुल्क के रूप में 1.75 करोड़ रुपये की वसूली की जा चुकी है। एसपी सिटी बोत्रे रोहन प्रमोद ने बताया कि बाजारों से लेकर अन्य इलाकों में कोरोना गाइडलाइन का पालन कराया जा रहा है। बिना मास्क के मिलने वालों के चालान किए जा रहे हैं।
कोतवाली और लोहामंडी सर्किल में पुराने बाजार
कोतवाली की बात करें तो यहां फव्वारा, किनारी बाजार, सेब का बाजार, चौबेजी का फाटक, सिंधी बाजार आदि बाजार आते हैं। वहीं लोहामंडी सर्किल में लोहामंडी बाजार, शाहगंज बाजार, रूई की मंडी, बोदला बाजार आते हैं। चालान की कार्रवाई की बात करें तो यहां संख्या कम है।
यह है शहर की स्थिति
थाना चालान शमन शुल्क
कोतवाली 1773 455900 रुपये
एमएम गेट 763 184300 रुपये
नाई की मंडी 1499 362750 रुपये
हरीपर्वत 3495 450000 रुपये
न्यू आगरा 2834 411700 रुपये
सिकंदरा 3682 485900 रुपये
कमला नगर 1812 321000 रुपये
सदर 2209 386050 रुपये
ताजगंज 2092 585950 रुपये
रकाबगंज 1631 362450 रुपये
छत्ता 2165 493250 रुपये
एत्माद्दौला 3245 649500 रुपये
मंटोला 1460 276400 रुपये
लोहामंडी 1874 241500 रुपये
जगदीशपुरा 1933 433300 रुपये
शाहगंज 2788 427100 रुपये
(यह आंकड़ा पुलिस द्वारा जारी जनवरी से 31 मई तक का है।)