फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

कबीर गैंग के छह सदस्य गिरफ्तार, चार भाग निकले

विज्ञापन
कोतवाली पुलिस द्वारा पकड़े गए कबीरा गैंग का सरगना व सदस्य। - फोटो : MAINPURI
विज्ञापन
मैनपुरी। खरपरी बंबा के पास बुधवार सुबह मुठभेड़ के बाद पुलिस ने कबीर गैंग के सरगना सहित छह सदस्य गिरफ्तार कर लिए। इस दौरान चार सदस्य भाग निकले। पकड़े गए युवकों के कब्जे से बाइक और असलहा बरामद हुए हैं। लूट, डकैती, चैन स्नेचिंग की वारदातें अंजाम देने वाले शहर के दो गैंग के बीच पड़ी फूट पुलिस के लिए कामयाबी भरी साबित हो रही है।
विज्ञापन

बबलू यादव गुट के लोगों ने बीते मंगलवार को सिपाही अंकित चौधरी को गोली मारी थी। मामले में पुलिस प्रदीप तोमर और नूर आलम को जेल भेज चुकी है। वहीं 50 हजार का इनामी सरगना बबलू अभी फरार चल रहा है। बुधवार को कोतवाली में एसपी अजय शंकर राय व एएसपी ओमप्रकाश सिंह ने संयुक्त प्रेसवार्ता की।
उन्होंने बताया कि बुधवार की सुबह इंस्पेक्टर कोतवाली ओमहरि वाजपेई को सूचना मिली कि खरपरी बंबा के पास कबीर गैंग के सदस्य किसी वारदात की योजना बना रहे हैं। सूचना पर जब पुलिस टीम ने घेराबंदी की तो गैंग के सदस्यों ने फायरिंग कर दी।
विज्ञापन

पुलिस ने बचाव करने के साथ ही गैंग के सरगना कबीर अली उर्फ इमरान निवासी महमूदनगर को गिरफ्तार कर लिया। इसके साथ ही गैंग के विक्रांत उर्फ भूरा यादव निवासी आगरा रोड, हेमंत दुबे उर्फ उत्कर्ष निवासी मोहल्ला कटरा लाल मठिया के पास, सुलभ यादव निवासी गांव रूरीया थाना दन्नाहार और आकाश उर्फ सलमान निवासी महमूदनगर को भी गिरफ्तार कर लिया।
पूछताछ में कबीर ने बताया कि साहिल उर्फ भूरा, यावर, तौफीक निवासी महमूद नगर और सलीम निवासी वाटर बक्स के पास खिरिया मोड़ आगरा भाग गए। पुलिस ने दो तमंचा, दो रॉड, बेस बॉल बैट, एक वेगनआर, दो बाइक व एक सोने की चेन बरामद की है। पुलिस भागे हुए साथियों की तलाश कर रही है।
एएसपी ओमप्रकाश सिंह ने बताया कि कबीर का परिवार मूल रूप से पाकिस्तान के बलूचिस्तान से ताल्लुक रखता है। बटवारे के बाद परिवार के लोग फर्रुखाबाद आ गए थे। इसके बाद करीब 20 वर्ष से जनपद में रह रहे हैं। कबीर अपने रहन सहन व शाही खर्च के तरीकों से युवाओं को अपनी ओर आकर्षित करता है। उन्हें गैंग में शामिल करने के बाद लूट आदि की वारदात अंजाम दिलवाता है।
वर्तमान में उसके गैंग में 20-22 सदस्य हैं। कबीर पर लखनऊ, फर्रुखाबाद और सीतापुर सहित अन्य जनपदों में 10 से अधिक आपराधिक मामले दर्ज हैं। इनमें एक डकैती, चार लूट, जानलेवा हमले के दो मामले दर्ज हैं। बताया कि राजस्थान कोटा में रहने वाला कबीर का बहनोई हसन भी अपराधी है। उसके साथ भी कबीर ने कई वारदात की हैं।
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें