कार की टक्कर से ट्रांसपोर्टर की माैत।
- फोटो : संवाद न्यूज एजेंसी
ट्रांसपोर्टर असगर अली की मौत की जांच में पुलिस को सर्विलांस से कई जानकारियां मिली हैं। जिस कार से ट्रांसपोर्टर को टक्कर मारी गई थी वह पहले दूसरे प्रदेश में पंजीकृत थी। घटना से कुछ समय पहले ही उसे जालौन में ट्रांसफर कराया गया था। खरीदने-बेचने में शामिल लोगों पर पुलिस ने निगरानी बढ़ा दी है। कड़ी मिलते ही गिरफ्तारी शुरू होगी।
शाहगंज के मेवाती गली निवासी अजमन ट्रांसपोर्ट के संचालक असगर अली का शव 4 अप्रैल की सुबह परिजन को मल्ल का चबूतरा क्षेत्र में मिला था। परिजन ने जीएसटी की अधिकारी और उनके पति समेत अन्य पर हत्या की साजिश रचने का आरोप लगाकर तहरीर दी थी। जांच में मिले सीसीटीवी में एक जालौन नंबर की कार उनको टक्कर मारते दिखी थी। कार चालक के कार चलाने के तरीके को देखकर पुलिस को भी जान बूझकर टक्कर मारने का अंदेशा हुआ।