आगरा के धाकरान चौराहा पर रविवार शाम पटाखों में हुए धमाकों की गुत्थी में पुलिस सोमवार को भी उलझी गई। कई सवाल हैं जिनके जवाब नहीं मिल रहे हैं। सबसे अहम तो यही है कि इतने खतरनाक पटाखे किस गोदाम से लाए जा रहे थे। माना जा रहा है कि पटाखों के साथ बारूद भी था।
दूसरा, वह स्कूटी किसकी थी, जिस पर पटाखे लाए जा रहे हैं? जिसके नाम कागजात मिले हैं, वह बहुत पहले इसे बेच चुकी है। पुलिस अब दोनों मृतक युवकों के मोबाइल फोन की कॉल डिटेल निकलवाएगी। इससे गोदाम मालिक के बारे में जानकारी मिलने की उम्मीद है।
पुलिस का कहना है कि मोबाइल के सहारे दोनों की लोकेशन भी देखी जाएगी। इससे पता चल जाएगा कि पटाखे लेकर कहां से चले थे। उधर, विस्फोट के बाद घटनास्थल पर पुलिस को पटाखों के रैपर मिले थे। इनमें कुछ रैपर पर दक्षिणी प्रदेशों की स्थानीय भाषा लिखी हुई थी।
महिला के नाम से रजिस्टर्ड एक्टिवा
पुलिस आशंका जता रही कि तमिलनाडू के बने पटाखे हैं, जोकि होल सेलर ही बेच सकता है। पुराने बाजार में थोक की दुकानें हैं। अनुमान है कि सन्नी और अजय भी यहीं से पटाखे लेकर आ रहे होंगे। पुलिस ने कुछ रैपर कब्जे में लिए हैं। इनके जरिये ही दुकानदारों से पहुंचने के प्रयास किए जा रहे हैं।
उधर, विस्फोट में क्षतिग्रस्त हुई एक्टिवा किसकी थी? यह भी पता नहीं चल सका है। एक्टिवा किसी महिला के नाम पर रजिस्टर्ड है। जब पुलिस ने महिला से बात की तो उसने बताया कि एक्टिवा को किसी दीपक नाम के युवक को बेच दिया था। इसके बाद से उसके बारे में पता नहीं है। एक्टिवा का मालिक सामने नहीं आया है।
दीवाली पर बेचते थे
सीओ कोतवाली अब्दुल कादिर ने बताया कि दोनों मृतकों के परिचित और रिश्तेदारों से पूछताछ की गई थी। इसमें सामने आया कि सन्नी और अजय दिवाली के समय अवैध रूप से आतिशबाजी की बिक्री करते थे। अजय आतिशबाजी बेचता था। हालांकि उनके घरवाले आतिशबाजी की बिक्री से इनकार कर रहे हैं।
दोनों मृत युवकों के खिलाफ मुकदमा दर्ज
एमजी रोड पर धाकरान चौराहे पर रविवार शाम को 4:25 बजे हुए विस्फोट के मामले में पुलिस ने दोनों मृतक सन्नी और अजय के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है। इसमें दोनों को आतिशबाजी रखकर ले जाने और विस्फोट होने के मामले में आरोपी बनाया गया है। वादी एसआई संतोष कुमार बने हैं।
उन्होंने दर्ज कराई रिपोर्ट में लिखा है कि नई आबादी, किशोरपुरा निवासी सन्नी और सेक्टर एक निवासी अजय एक्टिवा पर आतिशबाजी रखकर ला रहे थे। धाकरान चौराहे पर आतिशबाजी में विस्फोट हो गया। इसमें दोनों की मौत हो गई। एक्टिवा (नंबर यूपी 80 एवाई 8001) क्षतिग्रस्त हो गई।
घटनास्थल के पास सड़क पर खड़े अछनेरा निवासी जगदीश और मीरा हुसैनी निवासी राहुल घायल हो गया। स्कूटर से 20 हजार रुपये भी बरामद किए गए। मुकदमे में विस्फोटक पदार्थ अधिनियम 1908 की धारा 4/5 लगाई गई है। सीओ ने बताया कि हादसे में दो लोगों की मौत हुई थी। उन्हें नामजद किया गया है। घटना की जांच की जा रही है। कुछ और नाम सामने आ सकते हैं।