आगरा के कमला नगर में बाइक सवार बदमाशों ने तमंचा दिखाकर पोशाक कारोबारी से 2.50 लाख रुपये, मोबाइल और टैबलेट लूट लिया था। पुलिस को जांच में बदमाशों के बारे में अहम सुराग हाथ लगे हैं।
आगरा के कमला नगर में पोशाक कारोबारी आनंद गुप्ता से ढाई लाख की लूट के मामले में पुलिस को महत्वपूर्ण सुराग हाथ लगे हैं। सीसीटीवी फुटेज में एक जगह बदमाशों के चेहरे आ गए हैं। अब इन फुटेज को एआई की मदद से स्पष्ट कर बदमाशों की पहचान करने का प्रयास किया जा रहा है। एक संदिग्ध से पूछताछ भी हो रही है।
विज्ञापन
कमला नगर में मंगलवार रात लूट की वारदात हुई थी। आनंद गुप्ता रावतपाड़ा स्थित अपनी दुकान से स्कूटी से लाैट रहे थे। कमला नगर थाने के पास उन्हें बाइक सवार दो बदमाशों ने रोका, तमंचा ताना और थैला छीन ले गए थे। उसमें ढाई लाख रुपये रखे थे। पुलिस ने सीसीटीवी कैमरों को देखा। बदमाश व्यापारी के घर जाने का इंतजार कर रहे थे। इसके लिए दो घंटे पहले ही रावतपाड़ा आ गए थे।
एक जगह कैमरे में बदमाश उस समय कैद हो गए, जब वे चेहरे नहीं छिपाए थे। हालांकि फुटेज साफ नहीं है। इसके लिए एआई का सहारा लिया जा रहा है। चेहरे साफ होने पर यक्ष एप से बदमाशों का मिलान कराया जाएगा। आशंका है कि स्थानीय बदमाशों ने ही वारदात को अंजाम दिया। डीसीपी सिटी सय्यद अली अब्बास ने बताया कि जल्द ही घटना का खुलासा किया जाएगा। संदिग्धों से पूछताछ की गई है। पूर्व में जेल भेजे गए आरोपियों के बारे में भी जानकारी जुटाई जा रही है। बदमाश लूट के बाद हाईवे पर आए थे।