आगरा के थाना एत्माद्दौला की पुलिस एक कैंटर चालक की लूट की कहानी से उलझ गई। चालक का वीडियो वायरल हुआ था। इसमें उसने कुछ लोगों पर मोबाइल और 25 हजार रुपये लूट के बाद पुलिस बूथ में बंद कर पीटने का आरोप लगाया। वीडियो की जानकारी पर पुलिस ने जांच की। जिस युवक पर मारपीट का आरोप लगा, उसे पकड़ लिया गया। उसने उलटा चालक पर मोबाइल लूट के प्रयास का आरोप लगाया। अब पुलिस जांच कर रही है।
वायरल हुआ था वीडियो
बृहस्पतिवार सुबह एक चालक का वीडियो वायरल हुआ। इसमें वो अपना नाम शमशाद बता रहा है। कह रहा था कि वो एटा का रहने वाला है। बुधवार रात को कैंटर लेकर आया था। उसमें सीमेंट की चादर थीं। वह भीलभाड़ा से चला था। दो रात से सो नहीं पाया था। वह टेढ़ी बगिया आया था। पार्टी से पता पूछा। उनके बताए स्थान पर गाड़ी खड़ी कर दी। तभी घटना हो गई। एक युवक ने 25 हजार रुपये और मोबाइल लूट लिया। लुटेरे ने अपने दो साथी बुला लिए। वह पुलिस बूथ में ले गए। उन्होंने पिटाई लगा दी। इसके बाद जलेसर रोड पर ले जाकर पीटा। वह चेहरे से मारपीट करने वालों को पहचान लेगा। पुलिस चौकी पर शिकायत की। पुलिसकर्मी उसे छोड़कर चले गए। मारपीट में उसे चोट लगी है। घटना सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई।
ये भी पढ़ें - Mainpuri By-Election 2022: मुलायम की कर्मभूमि से डिंपल को क्यों उतारा गया चुनाव मैदान में? जानें 5 प्रमुख कारण
चालक पर ही लूट का आरोप
मामले की जानकारी पर थाना पुलिस सक्रिय हो गई। वीडियो की मदद से चालक को ढूंढ लिया। उसने जिस युवक के बारे में बताया था, उस तक भी पुलिस पहुंच गई। पुलिस ने उससे पूछताछ की। सीओ छत्ता सुकन्या शर्मा ने बताया कि युवक ने बताया कि वह कारीगर है। काम के लिए ब्लेड लेने जा रहा था। तभी चालक मिला। उसने उसे अपने पास बुलाया। वह उसका मोबाइल छीनने लगा। उसके साथ दो और लोग थे। मोबाइल अपना बताने लगे। इस पर उसने अपने भाइयों को बुलाया था।
पुलिस के पास ले गए थे पकड़कर
चालक को पकड़कर पुलिस के पास ले गए थे। मगर, बूथ में कोई पुलिसकर्मी मौजूद नहीं था। इस पर उसे छोड़कर चले गए। उसके मोबाइल कागजात भी हैं। अगर, यह उसका मोबाइल होता तो कागजात उसके नाम पर क्यों होते। इस पर पुलिस जांच कर रही है। यह पता किया जा रहा है कि चालक सही बोल रहा है या गलत।