मैनपुरी। सोशल मीडिया और इंटरनेट के इस दौर में विद्यार्थियों को साइबर शातिरों से खुद भी बचकर रहना चाहिए और अपने परिवार के लोगों को भी जागरूक करना चाहिए। साइबर शातिर वर्तमान में पुलिस के नाम पर डिजिटल अरेस्ट कर लोगों को ठग रहे हैं। जबकि पुलिस कभी किसी को डिजिटल अरेस्ट नहीं करती। थाने पर पूछताछ के लिए बुलाती है।
यह बातें मंगलवार को भोगांव के पीएमश्री जवाहर नवोदय विद्यालय में अमर उजाला की ओर से आयोजित पुलिस की पाठशाला में एसपी सिटी राहुल मिठास ने विद्यार्थियों को बताते हुए जागरूक किया।
एसपी सिटी ने विद्यार्थियों को बताया कि ऐसा नहीं है कि सोशल मीडिया सिर्फ हानिकारक है। इसके कई लाभ भी हैं। जरूरत है उसका सकारात्मक रूप से उपयोग करने की। विद्यार्थियों को खेलकूद में भी रुचि बढ़ानी चाहिए, ताकि वह शारीरिक रूप से फिट रहें। साइबर शातिरों से बचाव का जरिया सिर्फ जागरूकता है। साइबर शातिर सोशल मीडिया और इंटरनेट के जरिये किसी भी व्यक्ति की जानकारी जुटा लेते हैं। फिर उसके परिजन को पुलिसकर्मी बनकर फोन करते हैं। खासतौर पर विद्यार्थियों के अभिभावकों के साथ यह ज्यादा होता है। वह भी तब जब बच्चे स्कूल में होते हैं और वह फोन रिसीव नहीं कर पाते हैं। साइबर शातिर मुकदमे में फंसाने की धमकी देते हैं और बताते हैं कि बच्चा अरेस्ट कर लिया है। मुकदमे से बचाव को मोटी रकम मांगते हैं। इसी प्रकार डीप फेक के जरिये वह फोटो-वीडियो बनाकर वायरल करने की धमकी देकर ठगते हैं। इस प्रकार के क्राइम तब होते हैं, जब लोग अपनी एफबी, इंस्टा प्रोफाइल को पब्लिक रखते हैं। दोनों प्रोफाइल को हमेशा लॉक करें, जिससे की आपके सोशल मीडिया दोस्तों के अलावा अन्य कोई आपके द्वारा प्रसारित पोस्ट को न देख सके।
आपात स्थिति में होने पर इन नंबरों पर फोन लगाएं
आपात स्थिति में होने पर पुलिस हेल्पलाइन नंबर 112, चाइल्ड हेल्पलाइन नंबर 1098 और वुमन हेल्पलाइन नंबर 1090 पर तत्काल करें। अपराध के खिलाफ खुलकर बोलें। इंस्पेक्टर भोगांव प्रदीप कुमार पांडेय और एसआई मोनिका चौधरी ने छात्राओं को गुड और बैड टच के बारे में भी जागरूक किया।
विद्यार्थियों ने प्रतियोगिता में उपहार स्वरूप पुस्तकें जीतीं
पुलिस की पाठशाला में एसपी सिटी और इंस्पेक्टर द्वारा दी गई जानकारी के बाद उसी से संबंधित सवाल भी बच्चों से उन्होंने पूछे। इन सवालों के सही जवाब देने पर आस्था, आराध्या, कासिफा, वंश, आर्यन, ईशु, आशू, हेमलता, ज्योति, अश्वनी को अमर उजाला की ओर से उपहार में पुस्तकें भेंट की गईं। वहीं, एसपी सिटी ने विद्यालय के प्रिंसिपल राजेश कुमार यादव को ईयर बुक भेंट की। इस दौरान उप प्राचार्य ऋषि पाल सिंह, अमिता सिंह, मोहम्मद तारिक खान, प्रमोद कटियार, गुरविंदर सिंह मौजूद रहे।