इंजीनियर के घर लूट के प्रयास में उठाए संदिग्ध
सदर स्थित नॉर्थ रेलवे कॉलोनी में सोमवार दोपहर करीब 12:45 बजे तीन बदमाशों ने रेलवे के सीनियर सेक्शन इंजीनियर मयंक कुमार अग्रवाल के घर में लूट की कोशिश की थी। इंजीनियर की पत्नी विनीता को पकड़ लिया। शोर मचाने पर गला दबाने की कोशिश की। आवाज सुनकर दूसरे कमरे से बेटा आ गया।
वह बदमाश से भिड़ गया। इसके बाद पति-पत्नी ने भी साहस दिखाया। इस पर बदमाश तमंचा छोड़कर अपने साथियों के साथ भाग निकला था। थाना प्रभारी निरीक्षक का कहना है कि संदिग्धों को उठाया गया है। पूछताछ में कुछ जानकारी मिली है। उनकी पीड़ित से पहचान कराई जाएगी। जल्द ही घटना का खुलासा किया जाएगा।
संदिग्ध लोगों पर रखें नजर
गर्मी बढ़ने के साथ ही शहर के पॉश और बाहरी इलाकों में वारदात का खतरा बढ़ गया है। चोर-लुटेरे रेकी करके वारदात कर रहे हैं। ऐसे में लोगों को सावधान रहने की जरूरत है। लोग मोहल्ले में आने वाले संदिग्ध लोगों पर नजर रखें। उनसे पूछताछ करें। मोबाइल से वीडियो बना लें। वहीं घर को खाली नहीं छोड़े। अगर, ताला लगाकर जाना है तो पुलिस को जानकारी दे दें। घर में अकेली हैं तो अनजान व्यक्ति के लिए दरवाजा नहीं खोलें।