अखिल भारत हिन्दू महासभा की जिलाध्यक्ष ने बनाया चकरघिन्नी
अखिल भारत हिन्दू महासभा की जिलाध्यक्ष छाया गौतम ने पुलिस को खूब चकरघिन्नी बनाया। बुधवार दोपहर कई बार पुलिस को सूचना मिली की वह जन्मभूमि के गेट संख्या एक तो कभी तीन पर पहुंच गई हैं। पुलिस लगातार दौड़ लगाती रही। दोपहर दो बजे के करीब छाया गौतम 50 पदाधिकारियों व कार्यकर्ताओं के साथ जन्मभूमि के गेट संख्या एक पर पहुंची। वहां पुलिस ने रोक लिया और गोविंद नगर थाने ले गई। यहां छाया गौतम की तबीयत खराब हो गई। पुलिस ने शाम पांच बजे उन्हें घर छोड़ा। दो महिला सिपाही और एक दरोगा को घर पर नजरबंदी के लिए तैनात किया गया। वहीं, थाने में लाए लोगों का मुचलका भरा गया। इधर, इसी संगठन की महासचिव पूजा शर्मा पुलिस को चकमा देकर जन्मभूमि के भीतर पहुंच गईं। हालांकि उन्होंने दीपदान नहीं किया। उनका फोटो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद सवाल खड़ा हुआ कि आखिर पुलिस की इतनी मुस्तैदी के बाद भी मोबाइल या कैमरा लेकर वह कैसे जन्मभूमि में प्रवेश कर गईं। किस स्तर पर यह लापरवाही हुई। इधर, देर शाम गोविंद नगर थाने पर हिरासत में लिए लोगों को छुड़वाने के लिए महासभा के कई पदाधिकारी पहुंचे।
जलता दीप हाथ में लेकर पहुंचे दिनेश शर्मा
श्रीकृष्ण जन्मभूमि मामले में वादी दिनेश शर्मा जलता दीपक हाथ में लेकर अपने साथियों के साथ भूतेश्वर चौराहे के पास पहुंचे। उन्होंने जन्मभूमि स्थित गर्भगृह में दीपदान करने का एलान किया। पुलिस टीम ने उनको हिरासत में ले लिया और देर रात छोड़ा। वहीं, शाम साढ़े पांच बजे के करीब भूतेश्वर चौराहे पर 10 से अधिक महिलाओं की टोली पहुंच गई। इन्होंने यहां दीप भी जलाए। पुलिस ने इन सभी को पकड़ लिया। इनके अलावा राष्ट्रीय गो रक्षा वाहिनी के झांसी से आए प्रशांत सिंह व अखिल भारत हिन्दू महासभा जिलाध्यक्ष संदीप शर्मा को हिरासत में लिया। गोवर्धन में धीरज कौशिक, सौरभ लंबरदार, नीटू ठाकुर, सीताराम, श्रेयस को हिरासत में लिया।
अखिल भारत हिन्दू महासभा ने किया यमुना पूजन
अखिल भारत हिन्दू महासभा ने विश्राम घाट पर यमुना पूजन कर शहीद कारसेवकों की आत्मा की शांति के लिए पिंडदान किया। इस मौके पर श्री कृष्ण जन्मभूमि के लिए शिला पूजन कर शिला संग्रह अभियान का शुभारंभ किया। अखिल भारत हिन्दू महासभा की राष्ट्रीय अध्यक्ष राजश्री चौधरी, राष्ट्रीय युवा प्रभारी विक्रम वैश्य, जिला प्रभारी राजवीर दीक्षित, जिला वरिष्ठ उपाध्यक्ष मुकेश कुमार सहित अन्य ने विश्राम घाट पर यमुना पूजन किया।
इन लोगों को नजरबंद किया
जमुनापार पुलिस ने अखिल भारत हिंदू महासभा के प्रदेश अध्यक्ष ऋषि त्रिवेदी, उपाध्यक्ष संजय हरियाणा, प्रवक्ता रजत शर्मा, चंद्रमोहन शुक्ला, धर्मेंद्र पांडेय, सुनील कुमार सिंह, प्रमोद त्रिवेदी, महादेव बाबा, सोहन लाल शर्मा, हनुदास, प्रभुधानंद सहित अन्य लोगों को घर में ही नजरबंद किया।
ईदगाह की रही कड़ी सुरक्षा
ईदगाह की कड़ी सुरक्षा व्यवस्था रही। किसी भी व्यक्ति चाहे वह किसी भी धर्म, संप्रदाय का रहा हो, उसे बिना चेकिंग व पूछताछ के अंदर नहीं जाने दिया। सुबह बेवजह घूम रहे कुछ लोगों को सुरक्षा जवानों ने कड़ी हिदायत देकर ईदगाह परिसर से दूर किया।
आईजी ने किया निरीक्षण
आईजी आगरा रेंज दीपक कुमार ने बुधवार को मथुरा में ही डेरा डाला। उन्होंने श्रीकृष्ण जन्मभूमि सहित कई इलाकों का दौरा किया। इसके बाद वृंदावन पहुंचे। वहां भी उन्होंने एसएसपी शैलेश कुमार पांडेय सहित अन्य अधिकारियों के साथ पैदल मार्च किया। आईजी ने दिनभर की हलचल की समीक्षा भी की। कानून व्यवस्था व शांति बनी रहने पर पुलिस व प्रशासन की टीम की पीठ थपथपाई। आईजी ने कहा कि पुलिस और प्रशासन की टीम ने अपनी ड्यूटी का ईमानदारी के साथ निर्वहन करते हुए शांति व कानून व्यवस्था बनाए रखी। इसके लिए एसएसपी शैलेश कुमार पांडेय बधाई के पात्र हैं।
संगठनों का एलान, जनता हुई परेशान
विभिन्न संगठनों व नेताओं की ओर से श्रीकृष्ण जन्मभूमि-ईदगाह विवाद को तूल देने के उद्देश्य से गृभगृह में दीपदान और जलाभिषेका एलान किया था। इसको देखते हुए ट्रैफिक पुलिस ने रूट डायवर्जन लागू कर दिया। जन्मभूमि की ओर जाने वाले विभिन्न मार्गों पर वाहनों का आवागमन बंद कर दिया। इसके चलते बाहर से आने वाले श्रद्धालुओं के वाहन जन्मभूमि के पार्किंग स्थलों तक नहीं पहुंच सके। इसके चलते श्रद्धालुओं को परेशानी का सामना करना पड़ा।
पुलिस-प्रशासन की सतर्कता और लोगो के सहयोग के कारण शांति व कानून व्यवस्था कायम रही। कुछ लोगों ने जन्मभूमि में जाने का प्रयास किया, लेकिन पुलिस ने सफल नहीं होने दिया। कई लोगों को नजरबंद और हिरासत में लिया गया, उन्हें देर शाम छोड़ दिया। - शैलेश कुमार पांडेय, एसएसपी
प्रशासन व पुलिस की मुस्तैदी और जनता के सहयोग से शांति व कानून व्यवस्था कायम रही। लोगों से अपील है कि वह किसी के भी बहकावे में न आएं। अफवाहों से दूर रहें। - शैलेंद्र कुमार सिंह, डीएम