आगरा जनपद के थाना खेड़ा राठौर के चित्तरपुरा गांव में जमीन के विवाद में हुए दोहरे हत्याकांड के आरोपियों को पकड़ने के लिए एसएसपी ने चार टीमें गठित कर दी हैं। टीमों ने ताबड़तोड़ दबिश देकर आरोपियों के कई रिश्तेदारों को पूछताछ के लिए उठाया है, लेकिन 48 घंटे बाद भी आरोपी पुलिस की पकड़ से दूर हैं जिससे गम में डूबे परिजन गुस्से में हैं। वो अपनी सुरक्षा को लेकर चिंतित भी हैं।
बृहस्पतिवार को आलू के खेत में लेजम बिछाने और मेड़ काटने के विवाद में कल्लू सिंह पक्ष ने रास्ते में घेरकर गोली मारकर चचेरे भाई महेश सिंह, दिनेश सिंह की हत्या कर दी थी। नामजद हत्यारोपियों की तलाश में सीओ बाह रविंद्र प्रताप सिंह के नेतृत्व में पुलिस की चार टीमों ने यूपी के अलावा राजस्थान में दबिश दी है। यहां से कई रिश्तेदारों को हिरासत में भी लिया गया है। लेकिन कोई गिरफ्तारी नहीं हुई है।
जिससे गमजदा परिवार के रामू, रिंकू, गोविंद आदि ने गुस्से का इजहार करते हुए कहा कि आरोपी पकडे़ नहीं गए हैं। परिवार के अन्य लोगों के लिए भी जान का खतरा पैदा हो गया है। आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग दोहराई। सीओ बाह रविंद्र प्रताप सिंह ने बताया कि अभी तक कोई गिरफ्तारी नहीं हो सकी है। देररात तक गिरफ्तारी की उन्होंने उम्मीद जताई है।