मैनपुरी। कोतवाली के खरपरी रजवाह के पास 11 अगस्त को मृत मिली अज्ञात महिला के हत्याकांड को सुलझाने में पुलिस को बुधवार को भी कोई सफलता नहीं मिली है। पुलिस के सामने इस मामले में सबसे बड़ी चुनौती महिला की शिनाख्त, गवाह और पुख्ता सबूत नहीं मिल पा रहे हैं।
पुलिस अधीक्षक (एसपी) सिटी अरुण कुमार सिंह ने बताया कि उन्होंने खुद घटनास्थल से लेकर एलाऊ तक पूरे इलाके का दौरा किया, लेकिन अभी तक कोई ठोस सबूत या गवाह नहीं मिल पाया है। घटनास्थल से इटावा, औरैया और कन्नौज आने-जाने के रास्ते मिलते हैं, जिसके कारण पुलिस इन तीनों जिलों में शिनाख्त के लिए प्रयास कर रही है। बता दें कि हत्यारों ने महिला की दुपट्टे से गला घोंटकर हत्या के बाद उसके शव की शिनाख्त न हो सके, इसके लिए ज्वलनशील पदार्थ डालकर उसके चेहरे को जलाने की भी कोशिश की। हालांकि चेहरा पूरी तरह से झुलस नहीं पाया।