04एमएनपी-34-कलक्ट्रेट पर पुलिस अधीक्षक से मिलने पहुंचे दंपति
- फोटो : MAINPURI
मैनपुरी। आगरा के फोर्ट रेलवे स्टेशन पर पिछले साल एक जनवरी को एक व्यक्ति ने युवक को झांसा देकर एक वर्षीय बच्ची सौंप दी। इसके बाद वह वहां से भाग खड़ा हुआ। अब दंपती पिछले 11 महीने से बच्ची के माता-पिता की तलाश में दर दर भटक रहा है। बुधवार को दंपती ने मैनपुरी पहुंचकर एएसपी से मदद की गुहार लगाई।
आगरा के ग्वालियर रोड, नगला परसोदी सेवला निवासी करुआ कुशवाह ने एएसपी ओमप्रकाश सिंह को बताया कि एक जनवरी को वह अहमदाबाद जाने के लिए फोर्ट रेलवे स्टेशन पर ट्रेन का इंतजार कर रहा था। तभी एक युवक वहां आया। वह करीब एक वर्ष की बच्ची को गोद में लिए हुए था। उसने बच्ची को बीमार बताते हुए, इलाज के लिए पैसे मांगे। युवक की बातों में आकर करुआ ने उसे दो सौ रुपये दे दिए। बच्ची को उल्टी होने पर युवक पानी लाने की बात कहकर करुआ को सौंप गया। इसके बाद वह नहीं लौटा। तब से लेकर आज तक करुआ अपनी पत्नी के साथ बच्ची के माता-पिता की खोज कर रहा है। करुआ ने बताया कि उसने उक्त युवक के फोन से अपने घर पर कॉल की थी। इससे उसका नंबर उसके पास है, लेकिन वह नंबर उठता नहीं है। मंगलवार रात उसने कॉल की तो वह रिसीव हुई और युवक ने खुद को मैनपुरी के गोला बाजार का निवासी बताया। इस पर वह रात में ही मैनपुरी आ गया। अब युवक का फोन नहीं लग रहा है। एएसपी ने मोबाइल को सर्विलांस पर लगाने के साथ ही पुलिस को दंपती की मदद के निर्देश दिए हैं।
दंपती ने मुझ से मुलाकात की है। स्थानीय स्तर पर हरसंभव मदद कराई जा रही है। उम्मीद है जल्द ही मोबाइल फोन की लोकेशन से कुछ सफलता मिलेगी।
ओमप्रकाश सिंह, एएसपी