आगरा में गणतंत्र दिवस पर अलर्ट के मद्देनजर रेलवे स्टेशनों पर चौकसी बढ़ा दी गई है। इसी के चलते शुक्रवार की दोपहर को आगरा कैंट स्टेशन पर जीआरपी व आरपीएफ के जवानों ने मॉकड्रिल किया।
इस दौरान ही एक युवक महिला यात्री के हाथ से मोबाइल छीनकर भागने लगा। पुलिसकर्मी मॉक ड्रिल में 'आतंकी' बने जवान को छोड़कर चोर के पीछे दौड़ पड़े और उसे दबोच लिया। इस तरह मॉक ड्रिल में असली चोर हत्थे चढ़ गया।
गणतंत्र दिवस को लेकर स्टेशनों पर तीन दिन से चेकिंग अभियान चलाया जा रहा है। ट्रेनों के साथ ही स्टेशन पर सघन चेकिंग की जा रही है। शुक्रवार दोपहर को जीआरपी कैंट इंस्पेक्टर ललित त्यागी और आरपीएफ पोस्ट प्रभारी वीके पचौरी के साथ पुलिसकर्मियों ने प्लेटफार्म नंबर एक पर आतंकियों को पकड़ने की मॉक ड्रिल शुरू किया।