फतेहाबाद। निबोहरा पुलिस ने बालू भरी ट्रैक्टर-ट्रॉली समेत अवैध खननकर्ता को गिरफ्तार किया है। उसके पास से तमंचा बरामद हुआ है। पकड़ा गया आरोपी 16 जनवरी को पुलिस पर हमला कर ट्रैक्टर ट्रॉली छुड़ा ले जाने का आरोपी है।
थानाध्यक्ष निबोहरा अनुज कुमार सैनी ने बताया कि 16 जनवरी को राजस्थान की ओर से बालू भरी ट्रैक्टर ट्रॉली को खल की मढ़ैया के पास से पुलिस ने पीछा कर पकड़ा था। तभी वहां 20-25 लाठी डंडे लेकर आ गए। अवैध खनन के आरोपियों ने पुलिस पर फायरिंग भी की थी। इसके बाद बालू भरी ट्रैक्टर-ट्रॉली छुड़ाकर भाग निकले थे।
बाद में पुलिस ने तीन आरोपियों रवींद्र सिंह, शिवकुमार निवासी सिघावली थाना राजाखेड़ा, धौलपुर और राम खिलाड़ी निवासी खल की मढ़ैया, निबोहरा को गिरफ्तार किया था।
इधर, मंगलवार की सुबह पुलिस ने इस घटना के एक और आरोपी विजय पाल निवासी बमरौली थाना फतेहाबाद को गिरफ्तार कर लिया। उसके कब्जे से तमंचा और बालू भरी ट्रैक्टर ट्रॉली बरामद हुई है। एसओ ने बताया कि आरोपी को जेल भेज दिया गया है।