किरावली/अछनेरा (आगरा)। थाना पुलिस ने वाहनों की जांच के दौरान ट्रक से कूदकर भागते चार बदमाशों को गिरफ्तार किया। बदमाशों ने पुलिस पर फायरिंग भी की थी। पुलिस ने बदमाशों के पास से ट्रक, एक तमंचा, कारतूस और चाकू बरामद की है।
थानाध्यक्ष अछनेरा अनुराग शर्मा ने बताया कि सोमवार की रात पुलिस वाहनों की जांच कर रही थी। तभी पहाड़ लाइन की तरफ से एक ट्रक आता दिखा। पुलिसकर्मियों ने ट्रक को रोकना चाहा, तो उसमें सवार लोग कूदकर भागने लगे। इस दौरान एक युवक ने पुलिस पर फायरिंग भी की। सिपाहियों ने किसी तरह खुद को बचाते हुए भाग रहे बदमाशों को पकड़ा। गिरफ्तार किए गए आरोपियों ने अपना नाम सलमान निवासी अछनेरा, दानिश निवासी ग्राम सोरम थाना शाहपुर जिला मुजफ्फरनगर, वसीम निवासी कस्बा व थाना बुढ़ाना जिला मुजफ्फरनगर, कल्लू निवासी आलमगंज सैयद पाड़ा थाना लोहामंडी आगरा बताया। इनके कब्जे से तमंचा, कारतूस, दो चाकू और एक ट्रक बरामद किया गया। पुलिस ने आरोपियों का आपराधिक इतिहास खंगाल रही है।