कासगंज। गणेश विसर्जन यात्रा के हमलावर आरोपियों की तलाश में पुलिस की लगातार दबिशें जारी हैं। पुलिस की टीमों ने नोएडा में भी दबिशें दी हैं और नोएडा में डेरा डाले हुए हैं। इस मामले में नौ आरोपियों में से तीन आरोपियों को पुलिस मुठभेड़ मे गिरफ्तार कर चुकी है जबकि 6 आरोपी फरार हैं। शहर में 24 सितंबर को भगवान गणेश की प्रतिमा विसर्जन यात्रा में हिस्सा लेने जा रहे बाइक सवार अर्जुन, बौबी कश्यप और अभिषेक पर हमलावरों ने ताबड़तोड़ गोलियां चला दीं। जिससे तीनों युवक घायल हो गए। दो युवकों के पेट में गोली लगी। जिनका इलाज अलीगढ़ में चल रहा है। पुलिस ने मंगलवार केा मुठभेड़ में आकाश माथुर, अंकुर भारद्वाज और सुमित वाल्मीक को गिरफ्तार किया। मुठभेड़ में सुमित के पैर में गोली लगी। इस मामले में अभी 6 आरेापी फरार हैं। उनकी गिरफ्तारी पुलिस के लिए चुनौती बनी है। पांच पुलिस टीमें गिरफ्तारी के प्रयासों में जुटी है।
पुलिस की टीमें लगातार हमलावरों की गिरफ्तारी की कोशिश में जुटी हैं। नोएडा तक टीमों का डेरा है। संभावित स्थानों पर दबिशें दी जा रही हैं। शीघ्र ही हमलावर गिरफ्तार होंगे। अजीत चौहान, सीओ सिटी।