अवैध शराब के मामले में पकड़े गए आरोपी
- फोटो : अमर उजाला
फिरोजाबाद जिले के एका थाना क्षेत्र के गांव कल्याण गढ़ी में स्थित इंटर कॉलेज संचालक और उसका पुत्र शराब का अवैध कारोबार कर रहा था। पुलिस ने गुरुवार को छापा मारकर कॉलेज संचालक और उसके पुत्र सहित तीन लोगों को गिरफ्तार कर लिया। इस दौरान दो आरोपी भाग गए। पुलिस ने चार वाहन भी बरामद किए हैं। इनका प्रयोग शराब तस्करी के लिए किया जाता था। कॉलेज में बने तहखानों में भारी मात्रा में अवैध शराब मिली है। यह चुनाव प्रचार में बांटी जानी थी।
एसएसपी अजय कुमार पांडेय ने बताया कि गांव कल्याण गढ़ी स्थित एसजेएस इंटर कॉलेज में अवैध शराब का कारोबार की सूचना पर पुलिस ने छापा मारा। पुलिस ने मौके से कॉलेज संचालक रंजीत, उसके पुत्र दीपू निवासी खेरीएमा थाना एका, भूरे निवासी थरौआ थाना एका को गिरफ्तार किया। इस दौरान प्रवीण निवासी मोहब्बतपुर थाना निधौलीकलां जनपद एटा और प्रमोद यादव निवासी नगला सागर थाना एका भाग गए।
पूछताछ में आरोपियों ने कॉलेज के अंदर बने तहखानों की जानकारी दी, जिसमें शराब छिपाई जाती थी। पुलिस ने स्कूल से बड़ी मात्रा में शराब, यूरिया की बोरियां, दस लीटर केमिकल के साथ ढक्कन, खाली क्वार्टर, भरे क्वार्टर,फाइटर ब्रांड देशी शराब की दस पेटी, बिना नंबर की कार, तीन बाइक, 44 मुहर समेत अन्य सामान बरामद किया। पुलिस ने आरोपियों को कोर्ट में पेश किया, जहां से उन्हें जेल भेज दिया गया ।