मैनपुरी के थाना कोतवाली क्षेत्र में ब्योंति खुर्द जाने वाले मार्ग पर कोठरी में तमंचा बनाए जा रहे थे। शनिवार को स्वाट टीम ने दबिश देकर एक कारीगर को गिरफ्तार कर लिया। मौके से एक बना तमंचा व नौ अधबने तमंचे, उपकरण आदि बरामद हुए। आरोपी को जेल भेज दिया गया है।
कोतवाली क्षेत्र में मोहनपुर से ब्योंति खुर्द जाने वाले मार्ग पर बनी एक कोठरी में कुछ लोग तमंचे बना रहे थे। इसकी सूचना मिलने के बाद शनिवार को स्वाट टीम प्रभारी विक्रम सिंह ने कोतवाली पुलिस के साथ संयुक्त कार्रवाई करते हुए दबिश दी। मौके पर पहुंचने के बाद पुलिसकर्मियों ने कोठरी को घेर लिया।
घिरोर क्षेत्र का रहने वाला है आरोपी
पुलिस ने अंदर तमंचे बना रहे कारीगर को हिरासत में ले लिया। मौके से एक बना तमंचा, नौ अधबने तमंचे व उपकरण आदि बरामद हुए। सीओ अमर बहादुर ने पुलिस लाइन में प्रेसवार्ता में बताया कि पूछताछ में पकड़े गए कारीगर ने अपना नाम राजेंद्र सिंह निवासी गांव गुलाबपुर कल्होर पछां थाना घिरोर बताया।
चार से आठ हजार में बेचता है एक तमंचा
पकड़े गए कारीगर ने पुलिस को बताया कि वह काफी समय से तमंचे बना रहा है और डिमांड के हिसाब तमंचा बनाता था। चार से आठ हजार में उनकी बिक्री करता था। सीओ ने बताया कि मुकदमा दर्ज कर आरोपी को न्यायालय में पेश करने के बाद जेल भेजा गया है।