उत्तर प्रदेश के आगरा में न्यू आगरा थाना पुलिस पर युवक ने आरोप लगाए हैं। उसका कहना है कि पुलिस ने पहले पट्टे से पीटा। इसके बाद हवालात में डाल दिया। मामले में पीड़ित ने पुलिस आयुक्त से शिकायत की है।
विज्ञापन
दयालबाग निवासी अजय ने बताया कि वह किराये पर रहते हैं। पहली मंजिल पर मकान मालिक की पत्नी रहती है, जबकि भूतल पर एक और किरायेदार है। 12 सितंबर को मकान मालिक की पत्नी ने पुलिस से शिकायत की। उन पर कई गंभीर आरोप लगाए। वह भी महिला की शिकायत कर चुके हैं। मगर, कोई कार्रवाई नहीं हुई।
आरोप है कि 28 सितंबर की रात 8 बजे थाना प्रभारी न्यू आगरा धर्मेंद्र भाटी फोर्स के साथ आए। उन्हें थाने ले गए, वहां महिला बैठी थी। उसके सामने ही पुलिसकर्मियों ने पट्टे से पिटाई की। वह घायल हो गए। पुलिस ने हवालात में डाल दिया। अगले दिन चालान कर कोर्ट में पेश किया। कोर्ट ने रिमांड मना कर दिया।
विज्ञापन
इस पर वो अपना सामान लेने अधिवक्ता के साथ थाने गए। पुलिस ने बैठा लिया। पुलिस ने जबरन धारा 41 के नोटिस पर हस्ताक्षर करा लिए। पीड़ित ने पुलिस आयुक्त से शिकायत की है। उधर, थाना प्रभारी का कहना है कि अजय के खिलाफ छेड़छाड़ सहित अन्य धारा में केस दर्ज है। उसके साथ दो और लोग पकड़े थे। पिटाई का आरोप गलत है।