फिरोजाबाद में हाईवे पर तैनात पुलिस बल
- फोटो : अमर उजाला
फिरोजाबाद में होली के त्योहार को शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न कराने के लिए पुलिस ने 6500 लोगों को चिन्हिंत करने के साथ ही उनके खिलाफ शांतिभंग की कार्रवाई की है। पुलिस द्वारा जिन लोगों को शांतिभंग में पाबंद किया गया है, उनसे होली के त्योहार पर शांतिभंग करने की आशंका है।
एसएसपी आशीष तिवारी ने बताया कि त्योहारों पर चाक-चौबंद कानून एवं शांति व्यवस्था के दृष्टिगत जिले के समस्त थाना प्रभारियों, चौकी प्रभारियों, लोकल इन्टेलीजेंस को निर्देशित किया गया कि अपने-अपने थाना क्षेत्रान्तर्गत असमाजित तत्वों को चिन्हिंत करें और उनके विरुद्ध निरोधात्मक कार्रवाई करें। इसी क्रम में जनपद के समस्त थानों द्वारा त्वरित कार्रवाई करते हुए सात दिन में फिरोजाबाद पुलिस द्वारा 6500 असमाजिक तत्वों को चिन्हिंत करते हुए उनके खिलाफ शांतिभंग की कार्रवाई की गई है।
शांतिभंग में पाबंद करते हुए निर्देश दिए है कि उनके द्वारा भविष्य में किसी भी प्रकार से कानून एवं शांति व्यवस्था को प्रभावित किया जाता है तो आपके विरुद्ध कठोर कानून कार्रवाई की जाएगी। इसके साथ ही जनपद वासियों से अपील है कि अपने-अपने त्योहारों को शांतिपूर्ण एवं भाईचारे के साथ मनाए। किसी भी प्रकार से कानून एवं शांति व्यवस्था को प्रभावित न करें। इसके साथ ही संवेदनशील इलाकों में स्थानीय पुलिसबल के साथ-साथ सादा कपड़ों में भी पुलिसबल को तैनात किया गया है। जो क्षेत्र में होने वाली हर गतिविधि पर नजर बनाए रखेंगे।
ये भी पढ़ें - Holi 2023: अपनी राशि के अनुसार इन रंगों से खेलें होली, ज्योतिष ने बताई ये वजह
सुरक्षा की दृष्टि से चप्पे चप्पे पर तैनात रहा पुलिस फोर्स
होली की पूर्व संध्या पर जिले की सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई। जगह-जगह पर पुलिस बल तैनात रहा। आने जाने वाले लोगों को चेक किया जा रहा था। जिले की सीमाओं पर पुलिस ने बैरियर लगाकर वाहनों को चेक किया। दोपहर बाद होलिका दहन वाले स्थानों पर पुलिस बल तैनात कर दिया गया। इसके साथ ही पुलिस द्वारा होलिका की सुरक्षा को लेकर बनाई गई टीमों को भी निर्देश दिए गए कि वह होली की सुरक्षा करते रहे। यदि कोई व्यक्ति किसी तरह की शांति भंग का प्रयास करता है तो इसकी सूचना पुलिस को दें। इससे आरोपी के खिलाफ कार्रवाई की जाए। वहीं सुरक्षा की दृष्टि से सुभाष तिराहा के साथ नगला बरी, जाटवपुरी, आसफाबाद, नालबंद चौराहा, इमामबाड़ा चौराहा पर भी पुलिस बल तैनात रहा। जिले की सीमाओं पर भी पुलिस ने बैरियर लगाकर वाहनों को चेक किया। पुलिस की इस कार्रवाई को लेकर वाहन चालकों में हड़कंप मचा रहा। सुरक्षा व्यवस्था का हाल जानने के लिए पुलिस अफसर और थानेदार अपने अपने क्षेत्र में भ्रमण करते रहे। इससे कानून व्यवस्था खराब न हो सके। पुलिस की सख्ती के बीच लोगों में दहशत का माहौल दिखााई दिया।