हिंदुस्तान कॉलेज में बनाया गया क्वारंटीन सेंटर
- फोटो : अमर उजाला
आगरा में प्रशासनिक लापरवाही देखने को मिली। क्वारंटीन से चार लोग टेस्ट रिपोर्ट आने से पहले ही छोड़ दिए। मंगलवार शाम को जब उनकी रिपोर्ट पॉजिटिव आई, तो उनकी तलाश में रातभर दबिश दी गई। बुधवार सुबह तक बमुश्किल सभी को पकड़ा जा सका।
कीठम स्थित हिंदुस्तान कॉलेज में 117 संदिग्ध क्वारंटीन थे। मंगलवार को इनमें 45 लोगों को छोड़ा गया। इनका 14 दिन का समय पूरा हो गया था। इनकी एक-एक रिपोर्ट भी निगेटिव आई। छोड़े गए लोगों में खटीकपाड़ा के रहने वाले चार ऐसे भी लोग शामिल थे, जिनकी रिपोर्ट पॉजिटिव थी।
इस खबर के बाद प्रशासनिक अमले में हड़कंप मच गया। चारों पॉजिटिव की तलाश में मंगलवार रात में स्वास्थ्य एवं पुलिस टीमें लगीं। मोबाइल नंबर से चारों की लोकेशन खंगाली गई। लेकिन वह लोग घर नहीं मिले। उनके नंबर भी बंद मिले। फिर देर रात तीन लोगों को कड़ी मशक्कत के बाद पकड़ा जा सका। जबकि इनमें एक व्यक्ति दूसरे दिन बुधवार को मिला। इस घटना के बाद अब प्रशासन की कार्यशैली पर भी सवाल खड़े हो गए हैं।