कासगंज। थाना ढोलना पुलिस ने सूचना के आधार पर चोरी के मामले में वांछित चल रहे दो चोरों को गिरफ्तार किया है। चोरों के कब्जे से चोरी के सामान सहित घटना में प्रयुक्त सामान और तमंचा भी बरामद किया है।
सीओ आंचल चौहान ने बताया कि थाना ढोलना पुलिस को सूचना मिली थी कि कुछ संदिग्ध युवक चोरी की फिराक में हैं। इस पर पुलिस ने गंभीरता दिखाते हुए दोनों चोरों को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में इन्होंने अपने नाम पता शिवनांद और आशीष निवासीगण गांव मलसई थाना गंगीरी अलीगढ़ बताया। इनके कब्जे से चोरी का एक जनरेटर, एक चोरी की बाइक, एक तमंचा, दो कारतूस, पाना, रिंच, लोहा काटने के ब्लेड बरामद हुए हैं। साथ ही 2700 रुपये की नगदी भी मिली है। सीओ ने बताया कि पूछताछ के बाद दोनों चोरों को न्यायिक अभिरक्षा में भेजा है।