बरनाहल। थाना पुलिस ने दिहुली की ओर जाने वाले मार्ग दो वाहन चोरों को मुठभेड़ के दौरान गिरफ्तार कर लिया। तलाशी के दौरान कब्जे से दो तमंचा कारतूस और चोरी की दो बाइक बरामद हुईं। पकड़े गए वाहन चोरों के खिलाफ पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई की है। थाना पुलिस बृहस्पतिवार की रात क्षेत्र में गश्त कर रही थी। तभी प्रभारी निरीक्षक ओमप्रकाश सिंह को सूचना मिली कि गांव इकहरा के पास दो संदिग्ध दिखाई दिए हैं।
इस सूचना पर पुलिस टीम ने चेकिंग अभियान चलाया। इस बीच एक बाइक बरनाहल की ओर से आती नजर आई। बाइक सवारों को जब रुकने का इशारा किया तो बाइक सवार गाड़ी को मोड़ कर भागने लगा। पुलिस ने जब पीछा किया तो उन्होंने टीम पर फायर झोंक दिया। पुलिस ने कुछ दूर पीछा करने बाद बाइक सवारों को गिरफ्तार कर लिया।
जब तलाशी ली तो उनके कब्जे से दो तमंचा और कारतूस मिले। वाहन चोरों के कब्जे से बरामद बाइक भी चोरी की थी। चोरों की निशानदेही पर एक अन्य बाइक भी बरामद की। पूछताछ में पकड़े गए वाहन चोरों ने अपने नाम अतुल कुमार और राजा निवासी स्टेट बैंक वाली गली गिहार कॉलोनी करहल बताया। पुलिस ने मुकदमा दर्ज करने के बाद शुक्रवार को वाहन चोरों को न्यायालय में पेश किया। वहां से दोनों को जेल भेजा गया है।