पोस्टमार्टम रिपोर्ट में पता नहीं लगा किसान की मौत का कारण
डौकी थाना क्षेत्र के ग्राम जमुनी में गुरुवार को किसान श्रीकिशन (35) की मौत हो गई थी। परिजन शराब पीने के बाद मौत होना बता रहे थे। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा। श्रीकिशन बुधवार रात को खेत पर गया था। तभी उसने कहीं से खरीदकर शराब पी ली थी।
देर रात घर लौटने पर तबीयत खराब हुई थी। परिजनों के मुताबिक, उन्होंने कम दिखाई देने की शिकायत की। सुबह उठने पर उल्टियां होने लगीं। इस पर उन्हें नदोता के एक निजी चिकित्सक के पास ले गए, जहां से उन्हें आगरा रेफर कर दिया गया। उनकी रास्ते में मौत हो गई।
थाना डौकी के प्रभारी ने बताया कि मृतक के शव का पोस्टमार्टम कराया गया। इसमें मौत का कारण स्पष्ट नहीं हो सका है। विसरा सुरक्षित रखा गया है। विसरा जांच के लिए विधि विज्ञान प्रयोगशाला भेजा जाएगा।