कासगंज के कस्बा सिढ़पुरा में पांच वर्षीय बच्ची की हत्या उसके नाबालिग मामा ने की थी। घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी फुटेज से इसका खुलासा हुआ है। पुलिस और स्वाट टीम ने सोमवार को आरोपी मामा को गिरफ्तार कर लिया है।
22 नवंबर को कस्बे की एक पांच वर्षीय बच्ची लापता हो गई थी। रातभर परिजन उसको तलाश करते रहे। 23 नवंबर दोपहर को मासूम का शव नाले में मिला। पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराया। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में मौत का कारण पानी में डूबने एवं फेफड़ों में नाली की कीचड़ का चला जाना बताया गया।
घटना के खुलासे के लिए पुलिस अधीक्षक अशोक कुमार शुक्ल ने कई टीमें गठित कीं। इन टीमों की निगरानी का जिम्मा एएसपी और सीओ को सौंपा। पुलिस टीम ने मासूम के घर के आस पास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली, जिसमें अहम सुराग मिले।