कासगंज। सोरोंजी पुलिस ने चोरी और लूट की वारदात को अंजाम देने के आए बावरिया गैंग के 7 बदमाशों को नशीले पाउडर के साथ सोमवार रात गिरफ्तार किया। पकड़े गए आरोपी राजस्थान और संभल के रहने वाले हैं। उनसे 750 ग्राम नशीला पाउडर और कार बरामद हुई है।
सीओ सदर आंचल चौहान ने बताया कि सोरों कोतवाली पुलिस सोमवार रात गश्त कर रही थी। इस दौरान बरकुला रोड से बदरिया को जाने वाले कच्चे रास्ते पर एक कार को रोककर चेक किया गया। कार में सवार रोहित, दीपू, अनीता उर्फ इलायची, निशा, खुशी और प्रेमवती निवासी इस्माइलपुर रोड अंबेडकर काॅलोनी कस्बा खैरथल जिला अलवर, राजस्थान और बच्चू सिंह निवासी हरगुविन्दपुर थाना जुनावई जनपद संभल को 750 ग्राम नशीले पाउडर डायजापाम के साथ गिरफ्तार किया गया। पूछताछ करने पर पता चला कि सभी बावरिया गैंग के सदस्य हैं और भोगपुर माता मंदिर पर श्रद्धालुओं से चोरी और लूट की वारदात को अंजाम देने के लिए आए थे। यह गैंग दुकानदारों को भी निशाना बनाने के इरादे से आया था।