एडीसीपी क्राइम हिमांशु गौरव ने बताया कि 21 मई को एकता क्षेत्र के एक युवक ने ताजगंज थाना में शिकायत की थी। बताया था कि एक डेटिंग एप से उसकी दोस्ती अनजान युवक से हुई थी। उसने मिलने के लिए बसई चौकी क्षेत्र क्षेत्र के होटल ताज इंपीरियल में बुलाया था। कमरे में चार लोग मिले। चारों ने उन्हें बंधक बना लिया और जान से मारने की धमकी देकर रुपयों की मांग की। उसने आरोपियों के क्यूआर कोड पर पत्नी से 14 हजार रुपये भिजवाए। अगले दिन उनके एक परिचित से भी उन्हीं आरोपियों ने 4900 रुपये ले लिए।
पुलिस ने सीसीटीवी और सर्विलांस की मदद से ताजगंज के मुरलीनगर निवासी सोमेश्वर, तरुण, मलको गली के शाकिब और हरियाणा के जींद जिला के गांव भांबेवा गांव के शकील को गिरफ्तार किया। उन्होंने बताया कि इसी तरह की दूसरी शिकायत भी मिली थी। पीड़ित ने बताया था कि 20 मई की रात आरोपी कार से रिंग रोड की ओर लेकर गए। वहां उन्होंने फोन कर अन्य साथियों को बुला लिया था। उनके साथ अश्लील हरकत की और वीडियो बना लिया। वीडियो वायरल करने की धमकी देकर एक लाख चार हजार रुपये ट्रांसफर करवाए थे। पुलिस टीम ने शुक्रवार रात गुतला मोड़ से रौनक एंक्लेव निवासी सूरज ठाकुर, बरौली अहीर निवासी सौरभ यादव, नमन यादव और अभिषेक यादव को गिरफ्तार किया।
हनीट्रैप के मामले में पकड़ा गया था शकील
हरियाणा निवासी शकील बीते वर्ष ट्रांसपोर्ट नगर में भाजपा के एक नेता के साथ हनीट्रैप के मामले में गिरफ्तार हो चुका है। उसने युवक को शादी का रिश्ता दिखाने के नाम पर होटल में बुलाकर महिला के साथ अश्लील वीडियो बनाकर 10 लाख रुपयों की मांग की थी। जेल से छूटने के बाद उसने दूसरा गैंग बनाया था।
शौकिया बुलाने के बाद शुरू की थी वसूली
गैंग का सरगना सौरभ है। गैंग के सदस्यों ने पुलिस को पूछताछ में बताया कि पहले उन्होंने शौकिया एप का इस्तेमाल कर समलैंगिक युवकों को बुलाया था। इसके बाद उनसे ठगी का विचार आया। समलैंगिक को बुलाकर एक आदमी उसके साथ रहता था। अन्य सदस्य पीछे से आकर वीडियो बनाते थे और फिर डरा-धमका कर वसूली करते थे।
डेटिंग एप्स की जानकारी जुटा रही पुलिस
एडीसीपी क्राइम हिमांशु गौरव ने बताया कि आरोपी जिन डेटिंग एप्स का प्रयोग कर रहे थे। सर्विलांस टीम उनके बारे में पता कर रही है। इन एप्स में आईडी बनाने वालों का डाटा रखने और इनकी गतिविधि पर भी नजर रखी जाएगी।