फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Agra: अवैध मेडिकल स्टोर पर छापा...गर्भवती का इलाज करता झोलाछाप गिरफ्तार, सर्जरी के उपकरण भी बरामद

Fri, 11 Jul 2025 12:01 AM IST
अरुन पाराशर संवाद न्यूज एजेंसी, आगरा

सार

पुलिस के साथ एसीएमओ डॉ. जितेंद्र लवानियां ने अतर सिंह के मेडिकल स्टोर पर छापा मारा। मौके पर संचालक अतर सिंह दो मरीजों का इलाज करते पकड़ा गया।
विज्ञापन
कार्रवाई करती टीम। - फोटो : संवाद न्यूज एजेंसी
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

आगरा में स्वास्थ्य विभाग की टीम ने किरावली के नगला खुशियाली में अवैध मेडिकल स्टोर पर छापा मारकर गर्भवती महिला का इलाज करते झोलाछाप को पकड़ लिया। मौके से भारी मात्रा में दवाएं, उपयोग किए गए इंजेक्शन, आईबी फ्लूड, मेडिकल वेस्ट व माइनर सर्जरी के उपकरण भी मिले। स्वास्थ्य विभाग की शिकायत पर पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज कर आरोपी झोलाछाप अतर सिंह को गिरफ्तार कर लिया।
विज्ञापन


सीएमओ डॉ. अरुण श्रीवास्तव ने बताया कि किरावली के गोपऊ गांव की महिला मरीज ने आरोपी के इलाज से हालत बिगड़ने के बाद कार्रवाई के लिए शिकायत की थी। बृहस्पतिवार को पुलिस के साथ एसीएमओ डॉ. जितेंद्र लवानियां ने अतर सिंह के मेडिकल स्टोर पर छापा मारा। मौके पर संचालक अतर सिंह दो मरीजों का इलाज करते पकड़ा गया। इसमें एक नगला लालदास निवासी गर्भवती महिला और एक वायरल पीड़ित मरीज था।

उन्होंने बताया कि झोलाछाप के पास न कोई चिकित्सकीय डिग्री थी और न ही मेडिकल स्टोर का लाइसेंस था। दुकान में माइनर सर्जरी के उपकरण रखे थे। दीवार पर आईबी फ्लूड की खाली बोतलें लटकी हुई थीं। दो बेंच भी पड़ी थीं। झोलाछाप माइनर सर्जरी करने के साथ ही फ्लूड भी चढ़ाता था। कार्रवाई के बाद मेडिकल स्टोर पर ताला लगाकर पुलिस को चाबी सौंप दी गई। औषधि विभाग को अवैध मेडिकल स्टोर संचालन की जानकारी दे दी गई है।
विज्ञापन


 
विज्ञापन

सर्जरी तक कर रहे झोलाछाप
झोलाछाप अवैध अस्पताल, पैथोलॉजी संचालित कर मरीजों की जान से खेल रहे हैं। इनको गर्भपात करते हुए भी पकड़ा जा चुका है। यह सिर्फ छोटा-मोटा इलाज ही नहीं, सर्जरी तक कर रहे हैं। इस पर टीम ने बीते महीनों में किरावली में कसाब पोली क्लीनिक, राकेश क्लीनिक, शमसाबाद के गणपति हॉस्पिटल, न्यू राधिका हॉस्पिटल, जीएस पैथ एंड लैब, जगनेर में प्रीति हॉस्पिटल, अछनेरा में शन्नो क्लीनिक, ताजगंज में स्नेहलता क्लीनिक, बाह में ज्योति हाॅस्पिटल, पिनाहट में संगीता जादौन क्लीनिक, शाहगंज में अमिता मसीह क्लीनिक बंद कराते हुए केस दर्ज कराया है।

सस्ता इलाज पड़ रहा महंगा, सरकारी में निशुल्क सेवा
डिप्टी सीएमओ डॉ. नंदन सिंह का कहना है कि मरीज सस्ते इलाज के नाम पर झोलाछाप के पास इलाज कराने पहुंच जाते हैं, जबकि इसमें जान का जोखिम है। जिले के 15 ब्लॉकों में 18 सीएचसी, 45 पीएचसी और 30 शहरी स्वास्थ्य केंद्र, जिला अस्पताल, महिला जिला अस्पताल और एसएन मेडिकल कॉलेज में चिकित्सकीय सेवा और प्रसव निशुल्क होता है। ऐसे में लोगों से अपील है कि सरकारी सेवाओं का लाभ उठाएं। लोग झोलाछापों की विभाग के नियंत्रण कक्ष के फोन नंबर 0562-2600412, 9458569043 पर शिकायत कर सकते हैं।

दवाओं की जांच कराने के लिए भेजेंगे टीम
सहायक आयुक्त औषधि अतुल उपाध्याय ने बताया कि किरावली में अवैध मेडिकल स्टोर की जांच करने के लिए टीम भेजेंगे। इसमें लाइसेंस नहीं मिलने, दवाओं की खरीद-फरोख्त का विवरण नहीं मिलने पर विभागीय कार्रवाई भी की जाएगी। दवाओं की जांच के लिए नमूने भी लिए जाएंगे।

ये भी पढ़ें-लाश पर रेंग रही थीं चीटियां: छत के कमरे में था शव, नीचे मौजूद सास और बेटी को नहीं लगी भनक; साड़ी से मिला सुराग

 
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें