1- सवाल: कवि पहले सत्ता से सवाल करते थे, अब विपक्ष से ही सवाल करने लगे हैं?
जवाब: ऐसा नहीं है कि सत्ता से सवाल न करें और सिर्फ विपक्ष से ही करें। कवि की अपनी चेतना होती है। कवि को लगता है कि किसी जगह पर प्रोपेगेंडा किया जा रहा है, विपक्ष अपना नैरेटिव चलाना चाह रहा है, तो उसके खिलाफ भी बोलेंगे। अगर सरकार कहीं गलत है, तो उस पर भी सवाल उठाएंगे। जैसे अभी पेपर लीक हुआ, तो हम लोगों ने सरकार से खुलकर सवाल किए। भाई, बच्चों का क्या दोष है? मैंने मंचों पर कविताएं पढ़ीं। हम जो शो भी करते हैं, उनमें एक कविता सरकार के पक्ष में पढ़ते हैं और एक कविता विपक्ष की गलत नीतियों और तौर-तरीकों पर भी होती है।
2- सवाल: क्या निष्पक्ष रहने की कोशिश करते हैं या निष्पक्ष रहते भी हैं?
जवाब: एक बात मैं बहुत स्पष्ट कर दूं। यह मेरा मानना है। अलग-अलग लोगों की अलग-अलग सोच हो सकती है। मेरा मानना है कि कवि की अपनी कोई विचारधारा नहीं होती। आपने देखा होगा कि वामपंथी साहित्यकारों की अपनी विचारधारा और नैरेटिव चलता रहता है। हम राष्ट्रवादी सोच के लोग हैं। हम लोगों को उम्मीद थी कि योगी जी सरकार में आएंगे तो धर्म में होने वाला हस्तक्षेप और धर्म पर प्रहार रुकेगा। शंकराचार्यों पर लाठियां चलती हैं, यह सब बंद होगा। कहीं न कहीं जो अराजकता फैली हुई थी, वह कम होगी। योगी जी का इतना खौफ तो आया कि जब प्रदेश का मुखिया कहता है कि लड़की को छेड़कर अगले चौराहे तक नहीं जा पाओगे, तब कवि को लगता है कि यह व्यक्ति आया है, बात करने वाला है। उसके पक्ष में तो बोलना पड़ेगा। ऐसा नहीं है कि अखिलेश जी ने अच्छे काम नहीं किए। उनकी सरकार ने भी अच्छे काम किए हैं। अच्छे कामों की प्रशंसा तो करनी ही चाहिए।
3- सवाल: जब यूपी में 2017 के विधानसभा चुनाव हुए, तब सपा सरकार आगरा-लखनऊ एक्सप्रेसवे बनवा चुकी थी। क्या आपने इसको लेकर भी कोई कविता लिखी या मंचों से पढ़ी थी?
जवाब: 2017 के चुनाव के समय राम मंदिर, सनातन और धारा 370 के मुद्दे ज्यादा फोकस में थे। सपा सरकार में एक एक्सप्रेसवे बना था। अब देखिए, यूपी में कितने एक्सप्रेसवे हैं और पहले कितने थे। उन्होंने अपना काम करके छोड़ दिया, अब आगे काम चल रहा है। प्रदेश सरकार अपना काम तो कर रही है। मैं मोदी जी और योगी जी का भयंकर प्रशंसक हूं। हाल ही में देखिए, मां के निधन के बाद दाह संस्कार करके आए और योगी जी काम पर लग गए। आज भी उनकी बहन चाय बेच रही हैं, फूल बेच रही हैं। मैं अखिलेश यादव से पूछता हूं कि आपके कितने रिश्तेदार हैं, जो सड़क पर चाय बेच रहे हैं या फूल बेच रहे हैं? एक ही घर से छह सांसद, छह विधायक और छह मंत्री निकल आएंगे। यह परिवारवाद है या समाजवाद?
4- सवाल: ऐसी क्या स्थिति बनी कि आपको कहना पड़ा कि मोदी जी को बनाए रखना, योगी जी को बैठाए रखना?
जवाब: सोशल मीडिया पर एक पोस्ट चली थी- 'यूपी में काबा'। जबकि मेरी सबसे पहली पोस्ट थी- 'यूपी में बाबा'। यह 2022 के चुनाव के समय की बात है। आजम खान कहते हैं कि कश्मीर में अगर सैनिक कुछ गलत करे तो उनका प्राइवेट पार्ट काट दो। मैं पुलिस अधिकारियों से जूते साफ करवाऊंगा। भाजपा की सरकार में कितने पुलिस अधिकारी बाबा की चप्पल ढोते दिखाई दिए? अधिकारियों का अपना सम्मान होता है। कमियां सभी सरकारों में होती हैं। हम सरकार की चापलूसी नहीं कर रहे हैं।
5- सवाल: क्या आपको ठीक लगता है कि कोर्ट से आजम खान को बेल मिली और उसके तुरंत बाद ईडी ने गिरफ्तार कर लिया? क्या यह ठीक है?
जवाब: आजम खान ने ही यह ट्रेंड शुरू किया था। सर्वाधिक मुस्लिम तुष्टीकरण करने वाली समाजवादी पार्टी है। यूजीसी का विरोध करते हैं। यह समाज को बांटने वाला और सनातन को काटने वाला विषय उठाया गया। इसकी आवश्यकता नहीं थी। हम खुले मंचों से इसका विरोध करते हैं। अभी मैंने अखिलेश जी की प्रशंसा भी की थी, जब उन्होंने राणा सांगा को लेकर कुछ कहा था। आगरा के ही उनके सांसद ने कुछ कहा था। तब वह अपने सांसद को समझाने के बजाय उनका समर्थन करने लगे। ऐसे में हम लोगों को कहना ही पड़ेगा। उनके घर के पास ही राणा सांगा की मूर्ति लग रही है। अब उन सांसद को आते-जाते राणा सांगा दिखाई देंगे।
6- सवाल: कुछ महीने बाद ही यूपी में विधानसभा चुनाव हैं। उससे ठीक पहले आपने ये पंक्तियां लिखीं कि 'योगी को बैठाए रखना'। इसका ख्याल कैसे आया?
जवाब: मुलायम सिंह यादव से माइक छीनते हुए और अपने चाचा को साइडलाइन करते हुए अखिलेश यादव को देखा होगा। वहीं, एक योगी को मां को मुखाग्नि देने के बाद चुपचाप जनता के बीच जाकर काम करते हुए भी देखा होगा। यह कवि का मन है, जो वह कहे। कवि किसी लीक पर नहीं चलता। अगर सरकार गलत करती है, तो हम पूरी ताकत से बोलते हैं।
7- सवाल: कुछ ही महीनों में योगी सरकार के कार्यकाल को 10 वर्ष पूरे हो जाएंगे। योगी सरकार के पांच ऐसे काम गिनाइए, जो आपको व्यक्तिगत तौर पर पसंद हैं। या ऐसे काम बताइए, जो नापसंद हैं?
जवाब: इस देश में 1990 से 2025 तक ऐसा वातावरण बना हुआ था कि राम मंदिर नहीं बन सकता। राम के अस्तित्व के प्रमाण मांगे जा रहे थे। फैसला आने के बाद मंदिर बनकर तैयार हो गया और एक पत्ता तक नहीं हिला। ऐसा मंदिर तैयार किया गया है, जिसे देखकर हम गर्व महसूस कर सकते हैं।
8- सवाल: आप अयोध्या में राम मंदिर बनने की बात कर रहे हैं, लेकिन वहां की जनता ने लोकसभा चुनाव में भाजपा को हरा दिया?
जवाब: भाजपा को दुनिया की कोई पार्टी नहीं हरा सकती। भाजपा को सिर्फ भाजपा हरा सकती है। भाजपा खुद ही भाजपा को हराने में लगी हुई है। भाजपा के लोगों में बहुत गजब का अहंकार हो गया है। यही अहंकार हराएगा। अयोध्या में इतना विकास कर दिया कि लोगों को पच नहीं रहा। वर्ष 1992 की अयोध्या देखिए। गलियों में खून से सने कारसेवकों के शव पड़े थे। वह पिछड़ा इलाका था, जबकि वही सनातनी आस्था का सबसे बड़ा तीर्थ है। अब वहां कई पांच सितारा होटल बन गए हैं। लोगों की जमीनों की कीमत आसमान छू रही है। वैश्विक स्तर पर आध्यात्मिक पर्यटक आ रहे हैं। लेकिन मैं यही कहूंगा कि यह जनता है। जनता बिठा भी देती है और उतार भी देती है। अगर भाजपा को हराकर सपा को जिताया है, तो इस इशारे को समझ जाना चाहिए।
9- सवाल: सरकार से सवाल पूछने पर थाने में बैठाना या केस दर्ज करा देना, क्या यह सही है?
जवाब: एक होता है सही विषयों पर बात करना और दूसरा होता है बिना बात के विरोध करना। मैं ऐसे बहुत से कवियों के नाम बता सकता हूं, जो सपा की सरकार में पुरस्कृत होते थे, उनकी पेंशन बंधी हुई थी। आज वे योगी जी का गुणगान करते मिल जाएंगे। ऐसे लोग सरकार बदलते ही बदल जाते हैं।
10- सवाल: वर्ष 2027 के चुनाव में कवियों की भूमिका को आप किस तरह देखते हैं?
जवाब: हम विचारधारा के तौर पर, खासतौर पर धर्म, संस्कृति और भाषा के लिए लड़ते हैं। पहले सरकारें सुनती नहीं थीं। हम लोगों को उम्मीद होती है कि ये सरकारें हमारी बात सुनेंगी। हम सरकार से उपकृत या लाभान्वित लोग नहीं हैं। मेरे खाते देख लीजिए, सरकारों से हमें एक पैसा नहीं चाहिए और न मिलता है। सरकार से पैसा वही लोग कमा रहे हैं, जो साल बदलने से पहले ससुराल बदल लेते हैं। दलाल तो आज भी मौज कर रहा है। जिन लोगों ने वैचारिक रूप से सरकार और विचार के लिए अपना पूरा जीवन खपा दिया, आज वे कुंठित होकर कोने में बैठे हैं। जो लोग पीआर, अपने संबंधों, गुलदस्तों और जातिगत समीकरणों के जरिए बड़े-बड़े पदों पर पहुंच जाते हैं, योग्यता में वे उनके सामने कहीं नहीं ठहरते। भाजपा किसी कवि के लिए कुछ कर सकती है या उसने कुछ किया है? सरकार बता दे।
11- सवाल: कुमार विश्वास भाजपा के कार्यक्रम में दिखते हैं, नजदीकियां दिखती हैं, इस पर क्या कहेंगे आप?
जवाब: वो किसी पार्टी के लिए काम नहीं करते, वो विचारों के योद्धा हैं। मैं 15 साल से उनके साथ काम कर रहा हूं, 30 से 35 वर्षों से उनको जानता हूं। उनकी राम कथा में नई पीढ़ी के बच्चे कथा सुनने पहुंचते हैं। भाजपा कुछ गलत करती है, तो वह सबसे पहले बोलते हैं।
कवि सुदीप भोला ने कहा कि राम मंदिर पर मेरे पिताजी कवि संदीप सपन जी को ही ले लीजिए। सरकार को शायद पता भी नहीं होगा कि वे जिंदा हैं या नहीं। वे राम जन्मभूमि आंदोलन के सबसे प्रमुख नामों में से एक रहे हैं। मुलायम सिंह जी ने मेरे पिताजी के एनकाउंटर के तीन आदेश दिए थे। जैसे-तैसे उनकी जान बचाकर उन्हें वहां से निकाला गया। लोग कहते हैं कि तुम अखिलेश के खिलाफ क्यों बोलते हो? तो मैंने कहा कि जिसके पिताजी ने मेरे पिताजी के एनकाउंटर के इतने आदेश निकलवा दिए हों, तो क्या मैं उसे छोड़ दूंगा? मैं तो अपनी विचारधारा भी नहीं छोड़ूंगा। संदीप सपन जी की कविताएं दीदी मां ऋतंभरा जी आज भी गाती हैं। राम मंदिर आंदोलन को खड़ा करने का काम कवियों ने किया। चौराहों पर कवियों ने कविताएं गाईं और जनचेतना के जरिए इस आंदोलन को जनमानस तक पहुंचाया। उसके बाद मुझे एक कवि बता दीजिए, जिसे सरकार ने उपकृत किया हो। राम मंदिर बनाया, लेकिन उसमें किन लोगों को बुलाया आपने?