मिर्जापुर से किशोरी को बहलाकर ले गए आरोपी को मिर्जापुर पुलिस की टीम ने गुजरात पुलिस की मदद से गिरफ्तार तो कर लिया पर वापस नहीं ले जा सके। रात के समय वह पुलिसकर्मियों को चकमा देकर चलती ट्रेन से कूद कर भाग गया। मामले में फोर्ट जीआरपी थाना में टीम में शामिल एक दरोगा, एक सिपाही और महिला हेड कांस्टेबल समेत चार पर प्राथमिकी दर्ज की गई है। बरामद किशोरी को पुलिस टीम साथ ले गई है।
मिर्जापुर जिले के पडरी थाना क्षेत्र की 16 वर्षीय किशोरी 23 जुलाई की रात से लापता थी। उसके पिता ने गुमशुदगी दर्ज कराई थी। जांच करने पर कॉल डिटेल और सीसीटीवी कैमरों की रिकॉर्डिंग देखने के बाद पुलिस को पडरी थाना के बेलवन क्षेत्र के पकरी का पुरा निवासी सूरज पांडेय उर्फ हर्ष पांडेय का नाम पता चला। पुलिस ने उसको नामजद कर पाक्सो एक्ट की धाराएं बढ़ाईं। सूरज की लोकेशन गुजरात के सूरत में मिली। थाने से दरोगा विजय शंकर यादव, हेड कांस्टेबल गीता और सिपाही नीरज कुमार की टीम बनाकर दो सितंबर को गुजरात भेजा गया।
सूरत पुलिस की मदद से टीम ने किशोरी बरामद करने के साथ आरोपी को भी गिरफ्तार कर लिया । लिखापढ़ी के बाद टीम चार सितंबर को दोनों को लेकर मधुबनी एक्सप्रेस से मिर्जापुर लौट रही थी। रात एक बजे के करीब ट्रेन में सब ऊंघ ले रहे थे। किरावली से पहले सिंगारपुर गांव पर ट्रेन की गति धीमी हुई। आरोपी सूरज बहाने से ट्रेन के गेट के पास गया और चलती ट्रेन से कूद कर भाग गया। उसके भागते ही पुलिस टीम परेशान हो गई। किरावली स्टेशन पर ट्रेन रुकते ही आरोपी की तलाश शुरू की गई।
जीआरपी और स्थानीय पुलिस की मदद भी ली गई। काफी खोजबीन के बाद भी आरोपी का पता नहीं चला। इसके बाद दरोगा विजय शंकर यादव ने हेड कांस्टेबल गीता और सिपाही नीरज के साथ किशोरी को मिर्जापुर भेजा। जानकारी होने पर पडरी थाना से दरोगा जय प्रकाश टीम के साथ आगरा आए। फोर्ट जीआरपी थाना में लापरवाही के आरोप में दरोगा विजय शंकर यादव, हेड कांस्टेबल गीता और सिपाही नीरज कुमार पर प्राथमिकी दर्ज कराई। फरार आरोपी सूरज पांडेय उर्फ हर्ष पांडेय को भी प्राथमिकी में नामजद किया गया है।
दरोगा जय प्रकाश की तहरीर पर एक दरोगा, एक सिपाही और महिला हेड कांस्टेबल समेत चार पर प्राथमिकी दर्ज की गई है। फरार आरोपी सूरज पांडेय की तलाश की जा रही है। -राजेश दीक्षित ,सीओ जीआरपी