मैनपुरी। सर्दी के चलते जिले का तापमान लगातार गिर रहा है। बुधवार को न्यूनतम तापमान पांच डिग्री नापा गया। वहीं अधिकतम 22 डिग्री। लगातार सर्दी का प्रकोप बढ़ने के कारण बच्चों के साथ बुजुर्ग भी निमोनिया की चपेट में आ रहे हैं।
बुधवार को सुबह से ही महाराजा तेज सिंह जिला अस्पताल में मरीजों की भीड़ रही। अस्पताल की ओपीडी में 894 मरीजों को प्राथमिक उपचार दिया गया। बाल रोग विशेषज्ञ के पास 99 मरीज पहुंचे इनमें 78 मरीज सर्दी जुकाम और निमोनिया से पीड़ित थे। वहीं फिजीशियन कक्ष में भी मरीजों की भीड़ रही। यहां पहुंचे कई बुजुर्ग भी निमोनिया की दिक्कत से पीड़ित थे। जिला अस्पताल में पिछले 24 घंटे में निमोनिया के 17 मरीज भर्ती कराए गए। इनमें 11 बच्चे और छह बुजुर्ग शामिल रहे। बाल रोग विशेषज्ञ डॉ. डीके शाक्य का कहना था कि पिछले कुछ दिनों से शीत लहर चल रही है इसके चलते बच्चे निमोनिया की चपेट में आ रहे हैं। बच्चों की इस समय विशेष देखभाल की जरूरत है।
-
निमोनिया के लक्षण
- सांस लेने या खांसने पर सीने में दर्द
-65 वर्ष व उससे अधिक उम्र के व्यक्तियों में मानसिक भ्रम की स्थिति
-खांसी, जो कफ पैदा कर सकती है
- थकान महसूस होना
- बुखार, पसीना और कंपकंपी ठंड लगना
- सामान्य शरीर के तापमान से कम
- मतली, उल्टी या दस्त
- सांस लेने में परेशानी
बचाव के उपाय
- बच्चों को सुबह शाम गर्म कपड़े पहनाएं
- बच्चों को सुबह शाम नंगे पैर न चलने दें
- निमोनिया और फ्लू से बचाव के लिए टीके लगवाएं
- जरा भी दिक्कत होने पर विशेषज्ञ डॉक्टर से उपचार लें
- बुजुर्ग धूम्रपान से परहेज करें
मौसम में परिवर्तन के कारण निमोनिया के मरीज बढ़े हैं। यह संख्या कई गुना और भी बढ़ सकती है। इसलिए जागरूकता जरूरी है। बच्चों को निमोनिया से बचाव के लिए उनका सर्दी से बचाव रखें। - डॉ. डीके शाक्य, बाल रोग विशेषज्ञ जिला अस्पताल